1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहम्मद शमी ने बल्ले से किया कमाल, रणजी में खेली टी20 जैसी पारी, ठोक दिए 10 चौके-छक्के

मोहम्मद शमी ने बल्ले से किया कमाल, रणजी में खेली टी20 जैसी पारी, ठोक दिए 10 चौके-छक्के

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Feb 09, 2026 07:25 pm IST,  Updated : Feb 09, 2026 07:25 pm IST

मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच में बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने आंध्र प्रदेश के खिलाफ मैच में 160 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 53 रन बनाए।

Mohammed Shami- India TV Hindi
मोहम्मद शमी Image Source : PTI

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में इस वक्त क्वार्टर फाइनल मैच खेले जा रहे हैं। जिसमें से एक मुकाबला बंगाल और आंध्रा की टीम के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में बंगाल ने पहले बैटिंग करते हुए अपनी पहली पारी में 629 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। बंगाल के लिए इस मुकाबले में मोहम्मद शमी ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मैच में 33 बॉल पर 53 रन ठोक दिए। रणजी ट्रॉफी के इस मैच में शमी ने टी20 के अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सभी को हैरान कर दिया।

मोहम्मद शमी ने लगाए सात चौके और तीन छक्के

शमी इस मैच में बंगाल की तरफ से आखिरी बल्लेबाज के तौर पर बैटिंग करने के लिए उतरे। उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी का दिल जीत लिया। शमी ने मुकेश कुमार के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए 55 रन की पार्टनरशिप की। शमी अपनी इस पारी के दौरान सिर्फ चौके-छक्कों में ही डील करते हुए दिखे। 33 गेंदों की इस पारी के दौरान शमी का स्ट्राइक रेट 160.61 का रहा। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने अपनी पारी में कुल 10 बाउंड्री (चौके/छक्के) ठोक दिए।

शमी ने 30 बॉल में पूरा किया अर्धशतक

मोहम्मद शमी ने अपनी 53 रनों की पारी में 46 रन तो सिर्फ चौके-छक्कों से बटोरे। शमी ने अपना अर्धशतक महज 30 गेंदों में पूरा किया और 53 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हुए। शमी की शानदार पारी के बदौलत बंगाल अपनी पहली पारी में  600 रनों का आंकड़ा पार करने में कामयाब रहा। इससे पहले आंध्र प्रदेश ने बैटिंग करते हुए पहली इनिंग में 295 रन बनाए थे। जवाब में बंगाल ने 629 रन बनाकर 334 रनों की बढ़त हासिल की। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक आंध्र प्रदेश की टीम ने दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 64 रन बना लिए हैं।

तिहरा शतक लगाने से चूका बंगाल का बल्लेबाज

बंगाल के लिए पहली पारी में सुदीप कुमार घरामी ने जबरदस्त बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। उन्होंने बेहतरीन बैटिंग करते हुए 299 रनों की लाजवाब पारी खेली और सिर्फ एक रन से अपने तिहरे शतक से दूर रह गए। अपनी इस पारी के दौरान सुदीप ने 31 चौके और 6 सिक्स जमाए। वहीं शाकिर हबीब गांधी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 चौके और एक छक्के की मदद से 95 रनों की पारी खेली।

यह भी पढ़ें

IND vs PAK: PCB ने रख दी एक और डिमांड, जल्द होगा भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर फैसला

T20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड का बड़ा करिश्मा, एसोसिएट टीम के तौर पर पहली बार किया गजब कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल