मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, लेकिन उनका दर्द अब खुलकर सामने आ गया है। सालों तक टीम इंडिया की गेंदबाजी की रीढ़ रहे शमी ने पहली बार अपने करियर और सिलेक्शन को लेकर खुलकर बात की है। शमी ने साफ शब्दों में कहा कि उनके आस-पास भी कोई दूसरा भारतीय गेंदबाज नहीं हैं। शमी ने कहा कि जहां तक IPL की बात है, उनका रिकॉर्ड देख लीजिए। कोई भी दूसरा भारतीय बॉलर उनके आसपास भी नहीं है। वह अभी भी T20 बॉलर नहीं माना जाता। पिछले 5-6 साल देख लीजिए, उन्होंने करीब 130 विकेट लिए हैं। आखिर और क्या चाहिए? उनके इस बयान से साफ है कि टीम में वापसी न होने का मलाल उन्हें आज भी है।
12 साल तक टीम इंडिया की ताकत रहे शमी
करीब 12 साल तक भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करने वाले शमी विराट कोहली और रवि शास्त्री के दौर में टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन ODI वर्ल्ड कप खेले और 2023 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। शमी ने आखिरी बार 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद फिट होने के बावजूद वह टीम में वापसी नहीं कर सके।
शानदार प्रदर्शन के बावजूद नहीं मिला मौका
घरेलू क्रिकेट 2025-26 सीजन में शमी ने 67 विकेट झटके, लेकिन इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज किया। अजीत अगरकर की अगुआई वाली सिलेक्शन कमेटी ने उन्हें टीम के लिए उपयुक्त नहीं माना। यहां तक कि 2022 T20 वर्ल्ड कप के बाद उन्हें T20 टीम से बाहर कर दिया गया, जबकि कुछ महीनों बाद उन्होंने IPL में पर्पल कैप जीतकर अपनी काबिलियत साबित की।
क्या खत्म हो गया इंटरनेशनल करियर?
35 साल के शमी ने यह भी संकेत दिया कि शायद उनका इंटरनेशनल करियर अब खत्म हो चुका है। हालांकि, उन्होंने इस बात को लेकर कोई नाराजगी नहीं जताई और अपने करियर से संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में कहा कि ईमानदारी से कहूं तो इससे उन्हें ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। अगर उन्हें गेंद मिलेगी तभी वह कुछ कर पाएंगे, वरना वह सिर्फ पानी पिलाने वाला बनकर रह जाएंगे। लेकिन वह परेशान नहीं हैं। उन्होंने भारत के लिए जो क्रिकेट खेली है, उससे उन्हें नाम, शोहरत और पैसा मिला। उन्होंने देश के लिए कई साल और कई वर्ल्ड कप खेले हैं।
यह भी पढ़ें
श्रेयस अय्यर को जीत के बाद भी लगा झटका, BCCI ने आखिर क्यों लिया बड़ा एक्शन
LSG vs DC: केएल राहुल का कीर्तिमान होगा ध्वस्त, कैरेबियाई खिलाड़ी बनेगा नंबर-1 बल्लेबाज