1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी पर से उठ गया भरोसा! कप्तान की ऐसी बेइज्जती कहीं देखी है

आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी पर से उठ गया भरोसा! कप्तान की ऐसी बेइज्जती कहीं देखी है

 Published : Apr 08, 2025 05:30 pm IST,  Updated : Apr 08, 2025 05:30 pm IST

कोलकाता के ईडन गार्डेंस में जब केकेआर और एलएसजी की टीमें आमने सामने थी, तब तीन विकेट गिरने के बाद भी लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए ही नहीं आए।

rishabh pant- India TV Hindi
ऋषभ पंत Image Source : PTI

आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी कौन हैं, ये बात पूरी दुनिया को पता है। पिछले साल के आखिरी में जब आईपीएल 2025 के लिए ऑक्शन हुआ तो ऋषभ पंत ने ये रुतबा हासिल किया था। उन पर एलएसजी ने 27 करोड़ रुपये का दांव लगा दिया था, लेकिन किसे पता था कि जब वे मैदान में उतरेंगे तो महाफ्लॉप साबित होंगे। ऋषभ पंत अब एलएसजी के कप्तान हैं और टीम के लिए खेल भी रहे हैं, लेकिन अब लगता है कि टीम ने उन पर से भरोसा खो दिया है। शायद इसीलिए जब केकेआर के खिलाफ एलएसजी की टीम बल्लेबाजी कर रही थी, तब तीन विकेट गिरने के बाद भी ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए नहीं आए। ये सब बहुत सी कहानी बयां करता है। 

केकेआर के खिलाफ एलएसजी को मिली अच्छी शुरुआत

कोलकाता के ईडन गार्डेंस में मंगलवार को केकेआर और एलएसजी के बीच मुकाबला हुआ। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया, यानी एलएसजी को पहले बल्लेबाजी करनी थी। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों यानी एडन मारक्रम और मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी की। टीम का पहला विकेट एडन मारक्रम के रूप में जब 99 के स्कोर पर गिरा तब बल्लेबाजी के लिए नंबर तीन पर निकोलस पूरन आए। दूसरा विकेट 170 के स्कोर पर गिरा, जब मिचेल मार्श आउट हो गए। उस वक्त नंबर था ऋषभ पंत का। वे नंबर चार पर ही बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन उस वक्त अजूबा हुआ। क्योंकि बल्लेबाजी क लिए अब्दुल समद आए। 

तीन विकेट गिरने के बाद भी क्रीज पर नहीं आए ऋषभ पंत

अब्दुल समद हालांकि केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नंबर 5 पर बल्लेबाजी के लिए डेविड मिलर आए। यानी ऋषभ पंत इसके बाद भी बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। ये सब क्यों किया गया, ये तो नहीं पता, लेकिन लगता तो यही है कि ऋषभ पंत जिस तरह की खराब बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसके बाद उन पर से भरोसा उठ गया है और टीम उन्हें ऐसे मौके पर बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजना चा​हती।

27 करोड़ लेकर अब तक केवल 19 रन ही बना सके हैं पंत

एलएसजी का ये आईपीएल में पांचवां मैच है। अब तक चार मैचों में बल्लेबाजी करने वाले ऋषभ पंत 15 के आंकड़े से ज्यादा नहीं पहुंच पाए हैं। पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वे शून्य पर आउट हो गए थे। इसके बाद दूसरे मैच में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 15 रन बनाए, जो अब तक उनका सर्वाधिक स्कोर है। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ तो वे केवल दो दो रन बनाकर आउट हो गए। यानी ऋषभ पंत ने 19 रन ही अब तक बनाए हैं। इससे समझा जा सकता है कि पंत को केकेआर के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए क्यों नहीं भेजा गया। 

ऋषभ पंत पर आने वाले मैचों में भी रहेगी नजर

आईपीएल 2025 की नीलामी के दौरान जब उन पर 27 करोड़ रुपये का दांव खेला गया था, तभी सभी लोग भौचक्के थे। ऋषभ पंत इस वक्त भारत की टी20 टीम का भी हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में उन पर 27 करोड़ रुपये की बाजी लगाना खतरे से खाली नहीं था, जो कुछ भी बातें हो रही थीं, वे अब सच साबित हो रही हैं। ऋषभ पंत अब बचे हुए मैचों में कैसी बल्लेबाजी करते हैं, ये देखना दिलचस्प होगा, इससे भी ज्यादा नजर इस बात पर होगी कि वे किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। कुल मिलाकर पंत को काफी संघर्ष करना पड़ेगा, नहीं तो उनके लिए मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल