इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में 5 बार इस ट्रॉफी को अपने नाम करने वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही। सीएसके को सीजन के अपने पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एकतरफा 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। सीएसके इस सीजन के शुरुआती मैचों में अपने कुछ अहम खिलाड़ियों के बिना ही खेल रही है, जिसमें सबसे बड़ा नाम उनके पूर्व कप्तान एमएस धोनी का है। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण धोनी आईपीएल 2026 सीजन के शुरुआती 2 हफ्तों से बाहर हैं, जिसमें वह रिहैब से गुजर रहे हैं और इसी वजह से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के लिए वह सीएसके के स्क्वाड के साथ गुवाहाटी भी नहीं गए थे। अब धोनी की फिटनेस को लेकर एक वीडियो भी सामने आया है जो सीएसके फैंस के लिए अच्छी खबर भी मानी जा सकती है।
धोनी ने नेट्स पर शुरू किया अभ्यास
एमएस धोनी को लेकर सीएसके ने आईपीएल 2026 सीजन का आगाज होने से पहले उनकी फिटनेस को लेकर जो आधिकारिक जानकारी जारी की थी, उसमें उन्होंने बताया था कि धोनी को काफ स्ट्रेन, यानी पिंडली में खिंचाव है जिसके चलते वह शुरुआती 2 हफ्तों तक नहीं खेल पाएंगे। धोनी का बाहर होना सीएसके के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा था, जिसका असर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में भी देखने को मिला। अब सीएसके की टीम को आईपीएल 2026 सीजन में अपना अगला मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर तीन अप्रैल को खेलना है। इस मैच को लेकर सीएसके ने एक अप्रैल को चेपॉक स्टेडियम में अभ्यास भी किया जिसमें एमएस धोनी भी पहुंचे थे और उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी की। उनकी नेट्स में वापसी सीएसके फैंस के लिए अच्छी खबर मानी जा सकती है जिससे ये उम्मीद भी है कि धोनी जल्द पूरी तरह से फिट होने के बाद मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हो जाएंगे।
पंजाब किंग्स की टीम से मिली है अब तक कड़ी टक्कर
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के लिए आईपीएल के पिछले कुछ सीजन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रहे हैं। वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल में सीएसके के रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें उन्हें कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच में अब तक कुल 32 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से सीएसके ने 16 तो वहीं पंजाब किंग्स की टीम भी 16 मैचों को जीतने में कामयाब रही है। वहीं एमए चिदंबरम स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच 9 मैच खेले गए हैं और उसमें से सीएसके ने 4 जबकि पंजाब किंग्स ने 5 मैचों को अपने किया है।
ये भी पढ़ें
VIDEO: पहले ही मैच में फ्लॉप हुए ओपनर बने ऋषभ पंत, 7 रन बनाकर अजीब तरीके से हुए आउट
खिलाड़ियों की होटल में मनमानी से खिसियाया PCB, अब जारी किए फिर से नए दिशा निर्देश