1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, पहली बार किया ये कारनामा

नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, पहली बार किया ये कारनामा

 Published : Jul 22, 2022 10:54 am IST,  Updated : Jul 22, 2022 12:32 pm IST

world athletics championships 2022 : ओलंपिक चैंपियन भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पहले ही प्रयास में 88.39 मीटर का थ्रो फेंककर पहली बार विश्व चैम्पियनशिप फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।

Neeraj Chopra- India TV Hindi
Neeraj Chopra Image Source : PTI

Highlights

  • विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप भाला फेंक के फाइनल में पहुंचे भारत के दो खिलाड़ी
  • नीरज चोपड़ा ने पहली ही बार में किया क्वालीफाई, रोहित यादव 11वें नंबर पर रहे
  • रविवार सुबह फाइनल में पदक के लिए मुकाबला करेंगे नीरज चोपड़ और रोहित यादव

Neeraj Chopra and Rohit yadav : विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 में भारत के नीरज चोपड़ा और रोहित यादव ने इतिहास रचने का काम किया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि इस प्रतियोगिता में फाइनल में भारत के दो खिलाड़ी पहुंचने में कामयाब हो गए हैं। अब ये दोनों खिलाड़ी भारत के लिए पदक जीतने की कोशिश करेंगे। भारत के लिए टोक्यो ओलंपिक 2021 में गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा इससे पहले भी साल 2016 में इस प्रतियोगिता के लिए गए थे, लेकिन वे पहले ही राउंड से बाहर हो गए थे। नीरज चोपड़ा ने आज सुबह साढ़े पांच बजे फाइनल में जाने के लिए अपने जीवन का तीसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और पहली ही बार में क्वालीफाई कर लिया। इस बीच फाइनल में एंट्री करने के बाद नीरज चोपड़ा ने कहा ​कि जब वे थ्रो के लिए भाग रहे थे, तो उन्हें कुछ दिक्कत हुई, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने रिकॉर्ड थ्रो फेंका। 

Neeraj Chopra Best Throw
Image Source : INDIA TVNeeraj Chopra Best Throw

पहली की कोशिश में 88.39 मीटर फेंक दिया भाला

ओलंपिक चैंपियन भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पहले ही प्रयास में 88.39 मीटर का थ्रो फेंककर पहली बार विश्व चैम्पियनशिप फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया, जबकि रोहित यादव ने भी फाइनल में पहुंचकर भारत के लिए नया इतिहास रच दिया है। पदक के प्रबल दावेदार नीरज चोपड़ा ने ग्रुप ए क्वालीफिकेशन में शुरुआत की और 88.39 मीटर का थ्रो फेंका। यह उनके कैरियर का तीसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। वह पिछले साल के चैम्पियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स के बाद दूसरे स्थान पर रहे। एंडरसन पीटर्स ने ग्रुप बी में 89.91 मीटर का थ्रो लगाया। 

फाइनल में 100 प्रतिशत देने का किया वादा
फाइनल के क्वालीफाई करने के बाद नीरज चोपड़ा ने कहा कि यह अच्छी शुरुआत थी। साथ ही फाइनल में अपना सौ प्रतिशत दूंगा। हर दिन अलग होता है। हमें नहीं पता कि किस दिन कौन कैसा थ्रो फेंकेगा। उन्होंने कहा कि मेरे रनअप में थो़ड़ी दिक्कत थी, लेकिन थ्रो अच्छा रहा। बहुत सारे खिलाड़ी अच्छे फॉर्म में हैं। नीरज चोपड़ा का क्वालीफिकेशन राउंड कुछ मिनट ही चला क्योंकि क्वालीफिकेशन मार्क पहले ही प्रयास में हासिल करने से उन्हें बाकी दो थ्रो फेंकने नहीं पड़े। हर प्रतियोगी को तीन मौके मिलते हैं। 

रोहित यादव ने 80.42 मीटर दूर तक फेंका भाला
उधर रोहित यादव ने ग्रुप बी में 80.42 मीटर का थ्रो फेंका। वह ग्रुप बी में छठे स्थान पर और कुल 11वें स्थान पर रहे। उनका दूसरा थ्रो फाउल रहा और आखिरी प्रयास में 77.32 मीटर का थ्रो ही फेंक सके। उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 82.54 मीटर है जब राष्ट्रीय इंटर प्रोवेंस चैम्पियनशिप में पिछले महीने रजत पदक जीता था। पदक का मुकाबला रविवार को सुबह सात बजकर पांच मिनट पर होगा। दोनों क्वालीफिकेशन ग्रुप से 83.50 मीटर की बाधा पार करने वाले या शीर्ष 12 खिलाड़ी फाइनल में पहुंचे हैं। नीरज चोपड़ा का सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 89. 94 मीटर है। उन्होंने लंदन विश्व चैम्पियनशिप 2017 में खेला था लेकिन फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए थे। दोहा में 2019 विश्व चैम्पियनशिप में वह कोहनी के आपरेशन के कारण नहीं खेल सके थे। चोपड़ा ने इस सीजन में दो बार पीटर्स को हराया है जबकि पीटर्स डायमंड लीग में विजयी रहे थे। पीटर्स तीन बार 90 मीटर से अधिक का थ्रो फेंक चुके हैं। 

(PTI Inputs)

 

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल