न्यूजीलैंड की टीम को अगले हफ्ते से बांग्लादेश दौरे का आगाज करना है, जिसमें उन्हें वहां पर मेजबान टीम के खिलाफ तीन वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। इस दौरे पर खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज दोनों टीमों के लिए साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए काफी अहम रहने वाली है, जिसमें बांग्लादेश की नजरें अपनी रैंकिंग में सुधार करने की रहने वाली है, जिससे वह मेगा टूर्नामेंट के लिए सीधे अपनी जगह को बना पाने में कामयाब हो सके। न्यूजीलैंड ने इस दौरे पर वनडे और टी20 दोनों सीरीज के लिए अपने स्क्वाड का ऐलान काफी पहले कर दिया था, जिसमें अब उन्होंने एक बदलाव किया है।
ऑलराउंडर क्रिस्टियन क्लार्क हुए बाहर
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने तेज गेंदबाज ऑलराउंडर खिलाड़ी क्रिस्टियन क्लार्क को शामिल किया था, लेकिन वह चोटिल होने की वजह से अब स्क्वाड से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट की तरफ से क्रिस्टियन क्लार्क को लेकर जो बयान जारी किया गया है उसमें उन्होंने बताया कि श्रीलंका-ए टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय क्रिस्टियन क्लार्क कैच पकड़ने की कोशिश में दाहिने हाथ की उंगलियों के बीच की वेबिंग को चोटिल कर बैठे थे, जिसके चलते वह अब बांग्लादेश दौरे से भी हट गए हैं।
बेन लिस्टर को क्रिस्टियन क्लार्क की जगह शामिल किया गया
क्रिस्टियन क्लार्क के बाहर होने के साथ ही न्यूजीलैंड क्रिकेट ने उनकी जगह पर रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का भी ऐलान कर दिया है, जिसमें बेन लिस्टर को शामिल किया गया है। लिस्टर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अभी तक न्यूजीलैंड की तरफ से 4 वनडे और 11 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला साल 2024 के अप्रैल महीने में खेला था। न्यूजीलैंड को इस दौरे की शुरुआत 17 अप्रैल से तीन वनडे मैचों की सीरीज से करनी है, जिसके पहले 2 मैच ढाका के स्टेडियम में खेले जाएंगे जबकि तीसरा मुकाबला चट्टोग्राम के स्टेडियम में होगा। वहीं 27 अप्रैल से दोनों टीमों के बीच में तीन टी20 मैचों की सीरीज होगी और इसके पहले दो मैच चट्टोग्राम में होंगे तो वहीं आखिरी मुकाबला ढाका के स्टेडियम में खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
ODI World Cup 2027: भारत के ग्रुप में हो सकती हैं ये टीमें, फिर होगा पाकिस्तान से मुकाबला!
मुकुल चौधरी का अनोखा सिक्स देखकर हो रही हैरानी, संजीव गोयन्का की खुशी का नहीं रहा ठिकाना