Nicholas Pooran Century: निकोलस पूरन ने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 में सीएटल ओर्कास के खिलाफ मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया है। वह इस मैच में 60 गेंदों में 108 रन बनाकर नाबाद लौटे। पूरन के अलावा MINY की तरफ से तजिंदर ढिल्लों ने भी 35 गेंदों में 95 रनों की शानदार पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन पारियों के बदौलत MI न्यूयॉर्क की टीम 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाने में कामयाब रही। आपको बता दें कि यह MLC के इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा टोटल है।
पूरन ने 55 गेंदों में ठोका शतक
निकोलस पूरन इस मुकाबले से पहले तक MLC के जारी सीजन में एक भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। MLC 2025 के शुरूआत से पहले पूरन को MI न्यूयॉर्क का कप्तान नियुक्त किया गया था। इस मैच में भी उनकी MINY की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक सिर्फ 1 रन बनाकर चलते बने, इसके बाद नंबर तीन पर निकोलस पूरन बैटिंग करने के लिए आए। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक रूख अपनाते हुए सीएटल ओर्कास के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। पूरन ने सिर्फ 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह अंत तक नाबाद रहे और 180 की स्ट्राइक रेट से 108 रन बनाकर वापस लौटे। अपनी इस पारी के दौरान पूरन ने 7 चौके और 8 छक्के लगाए। यह टी-20 क्रिकेट में पूरन का चौथा शतक है।
पूरन और ढिल्लों के बीच हुई रिकॉर्डतोड़ पार्टनरशिप
इस मुकाबले में निकोलस पूरन ने तजिंदर ढिल्लों के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी की। इसके साथ ही इन दोनों बल्लेबाजों ने MLC में एक नया रिकॉर्ड बना दिया। यह MLC के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। ढिल्लों ने भी इस मैच में जबरदस्त बल्लेबाजी की और वह अपना शतक पूरा करने से सिर्फ 5 रन से दूर रह गए। उन्होंने 35 गेंदों में 8 चौके और 8 छक्के की मदद से 95 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 271.43 का रहा।
MLC के जारी सीजन में निकोलस पूरन का प्रदर्शन
MLC के जारी सीजन में निकोलस पूरन के प्रदर्शन की बात करें तो वह उतना अच्छा नहीं रहा। इस सीजन पूरन अब तक छह मैचों में 34.80 के औसत से 174 रन बना पाए हैं, जिसमें से 108 रन उन्होंने इसी मैच में बनाए हैं। अब देखना ये होगा कि वह बचे हुए मैचों में अपने इसी फॉर्म को बरकरार रख पाते हैं या नहीं। MI न्यूयॉर्क की बात करें तो उनकी टीम इस सीजन अब तक 5 मैचों में से सिर्फ 1 में जीत दर्ज कर पाई है।