1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. निकोलस पूरन ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले बल्लेबाज

निकोलस पूरन ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले बल्लेबाज

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Aug 30, 2025 05:14 pm IST,  Updated : Aug 30, 2025 05:14 pm IST

निकोलस पूरन ने T20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। पूरन ने CPL 2025 के 16वें मैच में नाबाद 65 रनों की पारी के दौरान 6 छक्के जड़ते हुए बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।

Nicholas Pooran- India TV Hindi
निकोलस पूरन Image Source : GETTY

वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन ने T20 क्रिकेट में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। 29 साल के पूरन इस दशक में 500 से ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पूरन ने CPL 2025 के 16वें मैच में यह कमाल किया। त्रिनबागो नाइट राइडर्स के कप्तान पूरन ने बारबाडोस रॉयल्स के खिलाफ 6 छक्कों की मदद से नाबाद 65 रनों की पारी खेली। इस तरह उन्होंने महज 278 पारियों में एक दशक में 500 छक्के पूरे करने का बड़ा कारनामा किया। पूरन ने 2020 से अब तक हर साल लगातार छक्कों की बरसात की है। साल 2020 में उनके बल्ले से 48 छक्के निकले, 2021 में 66, 2022 में 58, 2023 में 77 और 2024 में 170 छक्के जड़े। मौजूदा साल यानी 2025 में अब तक वे 42 पारियों में 85 छक्के लगा चुके हैं। इस तरह उनका कुल आंकड़ा 504 छक्कों तक पहुंच चुका है।

एक दशक में 500+ छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज

पूरन अब T20 क्रिकेट के इतिहास में एक दशक में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे ऊपर सिर्फ क्रिस गेल और कायरन पोलार्ड हैं। गेल ने 2010 के दशक में 363 पारियों में 920 छक्के लगाए थे, जबकि पोलार्ड ने 427 पारियों में 614 छक्के जड़े थे। पूरन ने अब ब्रेंडन मैक्कलम (408) और आंद्रे रसेल (403) को पीछे छोड़ दिया है।

पूरन के पास शानदार मौका

T20 किक्रेट में यह उपलब्धि पूरन को खास बनाती है क्योंकि उन्होंने दिग्गज क्रिस गेल और पोलार्ड के बाद T20 छक्कों की इस खास लिस्ट में जगह बनाई है। केवल 29 साल की उम्र में उन्होंने इस मुकाम को हासिल किया है, जिससे उनके पास नया रिकॉर्ड बनाने का काफी समय है। सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि क्या पूरन इस दशक में 1000 छक्कों का आंकड़ा छू पाएंगे? इसके लिए उन्हें अगले पांच साल में 496 और छक्के लगाने होंगे। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह नामुमकिन नहीं लगता। अगर पूरन ऐसा करने में सफल होते हैं, तो वे T20 क्रिकेट के इतिहास में पहले बल्लेबाज होंगे जो एक दशक में हजार छक्के जड़ेंगे।

एक दशक में सबसे ज्यादा T20 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

  • 920 – क्रिस गेल, 363 पारी (2010 के दशक में)
  • 614 – कायरन पोलार्ड, 427 पारी (2010 के दशक में)
  • 504* – निकोलस पूरन, 278 पारी (2020 के दशक में)
  • 408 – ब्रैंडन मैकुलम, 297 पारी (2010 के दशक में)
  • 403 – आंद्रे रसेल, 263 पारी (2010 के दशक में)

यह भी पढ़ें:

35 साल के भारतीय क्रिकेटर ने उठाया बड़ा कदम, इस टीम का थामा हाथ

एशिया कप 2025 मैचों की टाइमिंग में बड़ा बदलाव, अब इतने बजे शुरू होंगे मुकाबले

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल