पाकिस्तान सुपर लीग ने इस बार इंडियन प्रीमियर लीग से जो सीधी टक्कर लेने का फैसला लिया है उसके चलते अब तक वह मुंह की खाते हुए ही दिखाई दिए हैं। एक तरफ जहां पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पीएसएल 2026 सीजन का आगाज होने से पहले ही उसके शेड्यूल में बदलाव करने के साथ सिर्फ 2 स्टेडियम में मुकाबले कराने का फैसला लेना पड़ा। वहीं देश में ईंधन की किल्लत को देखते हुए स्टेडियम में फैंस की एंट्री को भी बैन कर दिया गया। पाकिस्तान सुपर लीग का आगाज होने से पहले ही जहां कई विदेशी खिलाड़ियों ने इसमें नहीं खेलने का फैसला लिया और आईपीएल 2026 की तरफ रुख किया तो वहीं अब कॉमेंट्री पैनल के मामले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है, जिसमें इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी निक नाइट भी अब पीएसएल छोड़कर आईपीएल से जुड़ने वाले हैं।
निक नाइट 23 मार्च को पहुंचे थे पाकिस्तान
इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी निक नाइट पाकिस्तान सुपर लीग में इंग्लिश कमेंट्री टीम का हिस्सा थे, जिसमें वह 23 मार्च को पाकिस्तान पहुंच गए थे। अब आईपीएल 2026 सीजन के लिए ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने कॉमेंट्री पैनल का ऐलान कर दिया है, जिसमें निक नाइट का नाम शामिल है। इससे साफ हो गया है कि निक नाइट पीएसएल 2026 के सीजन को छोड़कर अब आईपीएल के 19वें सीजन में कॉमेंट्री करते हुए दिखने वाले हैं। हालांकि अभी तक इसको लेकर निक नाइट की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन आईपीएल कॉमेंट्री पैनल में नाम शामिल होने से ये लगभग तय है कि वह पीएसएल को बीच में ही छोड़कर आएंगे। निक नाइट को लेकर बात की जाए तो वह इंग्लैंड के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज हैं, जिसमें उन्होंने क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद कमेंटेटर और एनालिस्ट की भूमिका को निभाया है।
पीएसएल से अब तक कई विदेशी खिलाड़ी भी तोड़ चुके हैं नाता
पाकिस्तानी सुपर लीग 2026 को लेकर बात की जाए तो उसमें कई ऐसे विदेशी खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं जिन्होंने पीएसएल छोड़ने का फैसला लेने के साथ आईपीएल 2026 सीजन में खेलना अधिक बेहतर समझा। इसमें जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी के अलावा श्रीलंका के दसुन शनाका का नाम प्रमुख है जिनको लेकर सबसे ज्यादा चर्चा देखने को मिली थी। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन भी इस लिस्ट का हिस्सा है।
ये भी पढ़ें
IPL 2026 के मैच लाइव देखने के लिए कितने पैसे खर्च करने होंगे, क्या फ्री का भी कोई जुगाड़ है?