1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वनडे क्रिकेट ने छुआ ऐतिहासिक मुकाम, स्कॉटलैंड बनाम कनाडा का मैच बना 5000वां ODI

वनडे क्रिकेट ने छुआ ऐतिहासिक मुकाम, स्कॉटलैंड बनाम कनाडा का मैच बना 5000वां ODI

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Aug 07, 2026 07:19 pm IST,  Updated : Aug 07, 2026 07:20 pm IST

स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच में डुनेडी में खेले जा रहे आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड लीग टू का मुकाबला वनडे क्रिकेट में ऐतिहासिक बन गया है, जिसमें ये मैच 5000वां वनडे मुकाबला है।

George Munsey- India TV Hindi
जॉर्ज मुन्सी Image Source : AFP

वनडे क्रिकेट में एक नया अध्याय स्कॉटलैंड और कनाडा की टीम के बीच में खेले जा रहे आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग टू 2023-27 के मुकाबले में जुड़ा जब यह मैच वनडे इतिहास का 5000वां मुकाबला बन गया। वनडे फॉर्मेट की शुरुआत साल 1971 में हुई थी, जिसमें 55 सालों में इसके नियमों में काफी बदलाव भी देखने को मिले हैं। टी20 फॉर्मेट आने के बावजूद अभी भी वनडे की अपनी जगह पर अहमियत बनी हुई है, जिसमें फैंस वर्ल्ड कप का इंतजार काफी बेसब्री से करते हैं। वनडे फॉर्मेट में खेले गए शुरुआती तीन वर्ल्ड कप जहां 60-60 ओवर्स के खेले गए थे तो वहीं इसके बाद हुए सभी वर्ल्ड कप 50 ओवर्स फॉर्मेट में खेले गए हैं।

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था पहला वनडे मैच

ODI क्रिकेट के इतिहास को लेकर बात की जाए तो पहला मुकाबला 5 जनवरी 1971 को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम के बीच में मेलबर्न के स्टेडियम में खेला गया था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 1000वां वनडे मैच साल 1995 में 8905 दिन बाद इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीम के बीच में नॉटिंघम के मैदान पर खेला गया था जो दो दिन तक चला और 55-55 ओवर्स का था। इसके बाद अगले 2000वां वनडे मैच पूरा होने में अधिक समय नहीं लगा और वह 10 अप्रैल 2003 को खेला गया था। वनडे फॉर्मेट में 3000वां मैच 22 जून 2010 को खेला गया था जबकि 4000वां मैच 17 मार्च 2018 को खेला गया था। वहीं अब 5000वां मुकाबला 7 अगस्त 2026 को स्कॉटलैंड और कनाडा की टीम के बीच में हो रहा है।

भारतीय टीम का जीत का प्रतिशत हुआ बेहतर

वेस्टइंडीज का वनडे क्रिकेट के शुरुआती दौर में दबदबा देखने को मिला था, जिसमें वह लगातार 2 वर्ल्ड कप अपने नाम करने में कामयाब रहे थे। वहीं उसके बाद से हर 1000 मैच के नजरिए से देखा जाए तो उसमें उनके प्रदर्शन का ग्राफ लगातार गिरते हुए देखने को मिला है। वहीं भारतीय टीम जिनका वनडे फॉर्मेट के शुरुआती दौर में प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं था वह लगातार बेहतर होता गया, जिसमें टीम इंडिया के जीत के प्रतिशत को देखकर इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने के मामले में टीम इंडिया टॉप पर

भारतीय टीम वनडे क्रिकेट में अभी सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने के मामले में टॉप पर बनी हुई है। टीम इंडिया ने अब तक 1081 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 575 मुकाबले जीतने में कामयाब रही है तो वहीं 452 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा 10 मुकाबले टाई रहे हैं तो 44 मैच रद्द हो गए। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है जिन्होंने 1025 मैच खेले हैं, जबकि तीसरे नंबर पर 1002 वनडे मैचों के साथ पाकिस्तानी टीम है।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी का दिखेगा अब नया अवतार, राजस्थान रॉयल्स के साथ बहा रहे हैं पसीना

नामीबिया की मेजबानी में साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे खेलेगी टी20 ट्राई सीरीज, शेड्यूल का हुआ ऐलान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल