वनडे विश्व कप 2027 में अब ज्यादा वक्त नहीं है। अगले साल के आखिर में आईसीसी का ये बड़ा टूर्नामेंट खेला जाएगा। इससे पहले टीमों के बीच अपनी जगह पक्की करने की होड़ लगी हुई है। हालांकि दो बार की विश्व कप चैंपियन टीम वेस्टइंडीज के लिए थोड़ी सी मुश्किल है कि उसे डायरेक्ट एंट्री मिल पाएगी कि नहीं, लेकिन उसके पास जुलाई में ही अच्छा मौका है कि वो अपनी जगह पक्की करने की ओर कदम बढ़ा दे। वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज खेली जानी है, इसके लिए न्यूजीलैंड ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है।
अगले साल के आखिर में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा विश्व कप क्रिकेट
आईसीसी वनडे विश्व कप का आयोजन अगले साल अक्टूबर से लेकर नवंबर तक साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इस बार के विश्व कप में 14 टीमें हिस्सा लेंगी। खास बात ये है कि आईसीसी वनडे रैंकिंग की टॉप 8 टीमें इसके लिए डायरेक्ट क्वालीफाई कर जाएंगी। साउथ अफ्रीका चूंकि मेजबान है, इसलिए उसकी जगह पहले ही पक्की है। यानी आईसीसी रैंकिंग में जो टॉप 9 टीमें होंगी, उन्हें सीधी एंट्री मिल जाएगी। इस वक्त की रैंकिंग पर नजर डालें तो नौवें स्थान पर बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीम रैंकिंग में दसवें पायदान पर है।
वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाएगी पांच वनडे मैचों की सीरीज
अगर वेस्टइंडीज की रैंकिंग यही रही तो टीम डायरेक्ट क्वालीफिकेशन से चूक जाएगी। हालांकि आईसीसी ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि 31 मार्च 2027 को जो रैंकिंग होगी, उसके आधार पर टीमों का क्वालीफिकेशन तय होगा। यानी वेस्टइंडीज के पास अपनी रैंकिंग सुधारने का मौका होगा। जल्द ही वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। वेस्टइंडीज ने अगर इसमें अच्छा प्रदर्शन किया तो उसके पास नौवें नंबर तक या फिर उसके करीब तक जाने का मौका होगा। सीरीज का आगाज 11 जुलाई से होगा। इसके बाद 13 और 16 जुलाई को दूसरा और तीसरा मैच खेला जाएगा। सीरीज के आखिरी दो मैच 19 और 21 जुलाई को खेले जाएंगे।
न्यूजीलैंड टीम का ऐलान मिचेल सेंटनर संभालेंगे कमान
न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से इस सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है। मिचेल सेंटनर टीम की कमान संभालेंगे। जैकब डफी की लंबे समय बाद टीम में वापसी हो रही है। आने वाले वक्त में वनडे मुकाबले खूब खेले जाएंगे और विश्व कप करीब होने के कारण इसका रोमांच भी काफी ज्यादा होगा।
न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, निक केली, टॉम लैथम (विकेट कीपर), जेडन लेनोक्स, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, विल यंग।
यह भी पढ़ें
आज कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम इंग्लैंड टी20 मुकाबला, रात की नींद होगी खराब