ऑरेंज कैप की रेस इस वक्त दिलचस्प तरीके से चल रही है। अब आईपीएल अपने समापन की ओर बढ़ चला है, जो भी बल्लेबाज इस वक्त लीड ले लेगा, उसके लिए ये कैप जीतना आसान हो जाएगा। इस बीच अब तक कुल मिलाकर 5 बल्लेबाज 500 का आंकड़ा पार कर चुके हैं। खास बात ये है कि इसमें से जो टॉप 2 बल्लेबाज हैं, वो एक ही टीम हैं और उस टीम ने प्लेऑफ के लिए भी अपनी दावेदारी पेश की है।
ऑरेंज कैप साई सुदर्शन के नाम, अब तक बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
इस साल के आईपीएल में इस वक्त ऑरेंज कैप साई सुदर्शन के पास है। जो गुजरात टाइटंस के लिए ओपनिंग करते हैं। उन्होंने 13 मुकाबले खेलकर 554 रन अपने नाम के आगे जोड़ लिए हैं। दूसरे नंबर पर शुभमन गिल हैं, जो अब तक 12 मैच खेलकर 552 रन बना चुके हैं। दोनों एक ही टीम के लिए खेलते हैं और पारी का आगाज करने के लिए मैदान में उतरते हैं। इन दोनों बल्लेबाजों के लिए इस सीजन का आगाज कुछ खास नहीं हुआ था, यही वजह थी कि टीम भी पिछड़ रही थी, लेकिन बाद में दोनों ने ऐसी रफ्तार पकड़ी की टॉप पर जा पहुंचे और टीम भी इस वक्त दूसरे नंबर पर खड़ी दिख रही है।
विराट कोहली तीसरे और केएल राहुल नंबर चार पर काबिज
आरसीबी के लिए ओपनिंग करने वाले विराट कोहली अब तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 13 मैच खेलकर 542 रन पूरे कर लिए हैं। केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए पारी का आगाज करते हैं, वे 13 मुकाबले खेलकर 533 रन बना चुके हैं। इन चार के अलावा हेनरिक क्लासेन और ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 12 मैच खेलकर 508 रन बनाए हैं। इनके अलावा और किसी के भी 500 से अधिक रन नहीं हैं। खास बात ये है कि इनमें से केवल हेनरिक क्लासेन ही एक ऐसे बल्लेबाज हैं, जो ओपनिंग नहीं करते हैं। साथ ही वे अब तक इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी बल्लेबाज भी हैं।
वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा काफी नीचे सरके
वैभव सूर्यवंशी, जिनसे काफी उम्मीदें थी, वे अब टॉप 5 से बाहर चले गए हैं। वैभव ने अब तक 12 मैच खेलकर 486 रन बनाए हैं। अभिषेक शर्मा भी काफी नीचे चले गए हैं। उन्होंने 12 मुकाबले खेलकर 481 रन बनाए हैं। हालांकि अब ज्यादा मैच नहीं बचे हैं, लेकिन फिर भी कहा जा सकता है कि इनमें से कोई भी बल्लेबाज अगर एक बड़ी पारी खेल देगा, तो वे पहले नंबर पर जा सकता है। अभी इंतजार करना होगा कि इस साल का ऑरेंज कैप कौन सा खिलाड़ी जीतता है, हालांकि ये जंग काफी जबरदस्त हो चली है।
यह भी पढ़ें
IPL Points Table: अंक तालिका में फिर उठापटक, अभी तक केवल एक ही टीम की प्लेऑफ में एंट्री