Asad Akhtar big no ball: पाकिस्तान में इन दिनों वहां का घरेलू टूर्नामेंट नेशनल टी20 कप खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे देखने के बाद फैंस के मन में एक बार फिर मैच फिक्सिंग की यादें ताजा हो गई हैं। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज असद अख्तर ने नेशनल टी20 कप के दौरान वो काम कर दिया है, जिसे देखने के बाद वो खुद सवालों के घेरे में आ गए हैं। उन्होंने नेशनल कप में इतनी बड़ी नो बॉल फेंक दी है, जिसके बाद वो इस वक्त सुर्खियों में बने हुए हैं।
पाकिस्तान के नेशनल टी20 कप में 14 मार्च को कराची ब्लूस और लाहौर ब्लूस के बीच मैच खेला गया। इस ओवर में उन्होंने 21 रन खर्च किए। इस ओवर में असद ने दो वाइड और दो नो बॉल फेंकी जिसमें से एक नो बॉल काफी लंबी थी। यानी इस गेंद को फेंकने के दौरान उनका पैर पॉपिंग क्रीज के काफी ज्यादा बाहर चला गया था। उनके इस नो बॉल को देखकर फैंस को मोहम्मद आमिर की याद आ गई।
फैंस को क्यों आई मोहम्मद आमिर की याद?
असद अख्तर की ये नो बॉल उसी तरह की थी जिस तरह की पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने साल 2010 में इंग्लैंड के दौरे पर फेंकी थी और फिर बाद में स्पॉट फिक्सिंग में पकड़े गए थे। असद की नो बॉल देखने के बाद लोगों के मन में एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि कहीं असद ने भी तो फिक्सिंग के चलते ऐसी नो बॉल तो नहीं फेंकी। असद की नो बॉल तो आमिर की नो बॉल से काफी ज्यादा बड़ी थी। उनका ये नो बॉल इस वक्त चर्चा का विषय बना हुआ है।
अख्तर के पास टी20 क्रिकेट का ज्यादा अनुभव नहीं है
अख्तर की बात करें तो उनके पास अभी टी20 क्रिकेट खेलने का उतना अनुभव नहीं है। उन्होंने इसी साल की शुरुआत में अपना टी20 डेब्यू किया था। अब तक खेले गए पांच T20 मैचों में, उन्होंने 9.14 की इकॉनमी रेट से तीन विकेट लिए हैं। खेले जा रहे नेशनल T20 कप में, वे दो मैचों में सिर्फ एक विकेट ही ले पाए हैं और उन्होंने 11.25 की इकॉनमी रेट से रन दिए हैं।
कराची ब्लूस की टीम को मिली जीत
अख्तर का ये 21 रनों का महंगा ओवर आखिरकार कराची ब्लूस को भारी नहीं पड़ा। इस मैच में उनकी टीम ने 57 रनों से आसान जीत हासिल की। इस मुकाबले में जहांदाद खान और शाहनवाज दहानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार-चार विकेट लिए, जिसकी बदौलत कराची ने 206 रनों का बचाव करते हुए लाहौर ब्लूस को 17.3 ओवरों में 149 रनों पर ऑल आउट कर दिया। इससे पहले, पहले बल्लेबाजी करते हुए कराची ब्लूस ने तीन विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स के कैंप में शामिल हुए वैभव सूर्यवंशी, ट्रॉफी जीतने की जताई इच्छा
रिकी पोंटिंग ने भी माना टीम इंडिया का लोहा, बताया T20I क्रिकेट की अब तक की सबसे मजबूत टीम