Vaibhav Sooryavanshi Wants to Win IPL Trophy for RR: IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है। टूर्नामेंट के शुरू होने में अब सिर्फ कुछ ही दिनों का वक्त बाकी रह गया है। ऐसे में सभी फ्रेंचाइजी जोर शोर से आगामी सीजन के लिए तैयारी कर रही हैं। इस बीच राजस्थान रॉयल्स के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आई है। वैभव सूर्यवंशी सीजन शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स के कैंप के साथ जुड़ गए हैं और वो अब टीम के साथ इस सीजन के लिए तैयारी करते हुए नजर आएंगे।
राजस्थान रॉयल्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा कि वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 के लिए आ गए हैं। RR ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें वैभव एक डायरी में अपनी विश लिखते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वैभव ने पहली दो विश जिसमें आईपीएल शतक और वर्ल्ड कप ट्रॉफी शामिल है उसको उन्होंने काटा और लिखा आईपीएल ट्रॉफी। इसका मतलब है कि वह अब राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहते हैं।
वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो वह अभी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में भारत की अंडर-19 टीम को वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस टूर्नामेंट के फाइनल में वैभव ने एक ऐतिहासिक पारी खेली थी। इंग्लैंड के खिलाफ उस फाइनल मैच में वैभव ने 80 गेंदों पर 175 रन की तूफानी पारी खेली थी, इस दौरान उन्होंने 15 छक्के लगाए थे। वैभव अब इसी फॉर्म को आईपीएल 2026 में भी जारी रखना चाहेंगे।
वैभव ने पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलकर अपना आईपीएल डेब्यू किया था। डेब्यू सीजन में ही वैभव ने इतिहास रच दिया था। वह महज 14 साल 23 दिन की उम्र में IPL खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। जयपुर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ सूर्यवंशी ने 38 गेंदों में 101 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। उन्होंने केवल 35 गेंदों में शतक पूरा किया, जो IPL इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। इस पारी में उन्होंने 11 छक्के जड़े थे। वैभव ने अपने अभी तक के आईपीएल करियर में चौके से अधिक छक्के जड़े है। वैभव को पिछले आईपीएल सीजन में 7 मैच में खेलने का मौका मिला था। इस दौरान उन्होंने 7 पारियों में 36 की औसत से 252 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें
आखिरी ओवर में हुआ जमकर ड्रामा, बांग्लादेश के इस हरकत से नाराज हुआ पाकिस्तान, मैच के बाद की शिकायत
संपादक की पसंद