SL vs PAK : पाकिस्तान ने आखिरकार अपनी एक और टेस्ट जीत दर्ज कर ली है, वो भी श्रीलंका जैसी टीम पर। पाकिस्तान में इस वक्त खुशी का माहौल है और इस जीत को बहुत बड़ा बताया जा रहा है। खास बात ये है कि श्रीलंका पर जीत दर्ज करने के बाद पाकिस्तानी टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल में अपना खाता भी खोल लिया है। इस जीत के असल नायक रहे साउद शकील, जिन्होंने पाकिस्तान की जीत की राह आसान की और दोहरा शतक जड़ा। मुकाबले में जब चौथा दिन पूरा हुआ तो लग रहा था कि पाकिस्तान आसानी से इस मैच को जीत जाएगी, लेकिन ऐसा था नहीं। दूसरी पारी में भी टीम के छह विकेट गिर गए और किसी तरह से बच बचाकर टीम ने इस मैच को अपने नाम किया। लेकिन आपको जानकर ताज्जुब होगा कि पाकिस्तान को पूरे एक साल बाद टेस्ट में जीत मिली है, नहीं तो यहां जीत का सूखा सा पड़ा हुआ था।
पाकिस्तान को पूरे एक साल बाद मिली टेस्ट में अगली जीत
पाकिस्तान ने 20 जुलाई 2022 में श्रीलंका को टेस्ट में हराकर अपनी 146वीं जीत दर्ज की थी, लेकिन इसके बाद टेस्ट में जीत का ऐसा सूखा पड़ा कि सीरीज पर सीरीज निकलती गईं, लेकिन जीत दर्ज नहीं कर पाई। अब पूरे 365 दिन यानी पूरे एक साल बाद फिर से पाकिस्तान ने टेस्ट मैच जीता है और वो भी श्रीलंका के ही खिलाफ। यानी 146 जीत के बाद पूरे एक साल बाद टीम को 147वीं टेस्ट जीत मिली है। इससे समझा जा सकता है कि पाकिस्तानी टीम कितनी मजबूत है। चलिए एक और उदाहरण आपको देते हैं। इसी टेस्ट की चौथी पारी में पाकिस्तान मे सामने केवल 131 रनों का ही टारगेट था, लेकिन टॉप ऑर्डर पूरी तरह से फ्लॉप रहा। यहां तक पहुंचते पहुंचते टीम के छह बल्लेबाज आउट हो गए। वो तो कहो की टारगेट बहुत बड़ा नहीं था, अगर ऐसा होता तो श्रीलंका इस मैच को अपने नाम भी कर सकती थी।
पाकिस्तान के लिए साउद शकील रहे सबसे बड़े जीत के हीरो
मैच की बात की जाए तो श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 312 रन बनाए और इसके बाद जवाब में पाकिस्तान ने 461 रन बना दिए, लेकिन ये मत भूलिएगा कि इसमें 200 से ज्यादा रन तो एक ही बल्लेबाज ने बनाए हैं। साउद शकील ने 361 गेंद पर 208 रनों की नाबाद पारी खेली। इसमें 19 चौके शामिल थे। साउद शकील के बाद जो दूसरी सबसे बड़ी पारी आई, वो 83 रन की थी, जो आगा सलमान ने खेली। बाकी कोई भी दूसरा बल्लेबाज 50 रन भी बनाने में कायमाब नहीं हो पाया। इसके बाद जब श्रीलंका की टीम दूसरी बार बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरी तो श्रीलंका ने 279 रन बनाए और पाकिस्तान को जीत के लिए 131 रन चाहिए थे। छह विकेट खोकर पाकिस्तान ने इस मैच को अपने नाम कर लिया और सीरीज में बढ़त बनाने में भी कायमाबी हासिल कर ली।