PAK vs NZ Champions Trophy: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आज से आगाज होने जा रहा है। पहले मैच में मेजबान पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें आमने सामने होंगी। न्यूजीलैंड की टीम काफी पहले ही पाकिस्तान पहुंच चुकी थी, जहां उसने पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका से एक सीरीज भी खेली है। यानी दोनों ही टीमों को एक दूसरे की ताकत और कमजोरी का अंदाजा है। आज का मैच कितने बजे शुरू होगा और टॉस कितने बजे होगा, ये हम आपको बताएंगे। साथ ये भी जानकारी देंगे कि अपने टीवी और मोबाइल पर आप मुकाबले को लाइव कैसे देख सकते हैं।
पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होगी न्यूजीलैंड की चुनौती
मोहम्मद रिजवान पाकिस्तानी टीम के कप्तान हैं, वे पहली बार अपनी टीम की कमान किसी आईसीसी टूर्नामेंट में संभाल रहे हैं। वहीं बात अगर न्यूजीलैंड की करें तो उसकी कमान मिचेल सेंटनर के हाथ में होगी। न्यूजीलैंड के लिए पाकिस्तान अब नया नहीं रहा, टीम काफी दिनों से यहां पर मैच खेल रही है। आज का मुकाबला कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान की ओर से यहां पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बीच पाकिस्तान के लिए न्यूजीलैंड की चुनौती आसान नहीं होगी। अभी तक का इतिहास बताता है कि चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में पाकिस्तानी टीम कभी भी न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाई है। इन दोनों के बीच जो 3 मुकाबले हुए हैं, हर बार बाजी न्यूजीलैंड ने मारी है। यानी पाकिस्तानी टीम अगर आज का मैच जीतती है तो नया इतिहास लिखा जाएगा।
दोपहर दो बजे होगा टॉस, स्टार स्पोर्ट्स और जियो हॉट स्टार पर देख पाएंगे सीधा प्रसारण
अब आपको मैच के टॉस टाइम, मैच स्टार्ट टाइम और लाइव स्ट्रीमिंग की जानकारी दे देते हैं। आज का मैच भारतीय समय अनुसार दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। इससे ठीक आधे घंटे पहले यानी दो बजे टॉस होगा। पाकिस्तान का समय भारत से कुछ अलग होता है, इसलिए हम आपको भारत का समय बता रहे हैं, इसका ख्याल रखिएगा। बात अगर मैच को लाइव देखने की है तो आप इसे अपनी टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर देख सकते हैं। लेकिन अगर आप मोबाइल पर मैच देखना चाहते हैं तो उसके लिए आपको जियो हॉट स्टार पर जाना होगा। इस एप का नाम पढ़कर भ्रम में मत पड़िएगा। क्योंकि अभी कुछ दिन पहले तक जो एप डिज्नी प्लस हॉट स्टार हुआ करता था, वही अब जियो हॉट स्टार हो गया है। जियो सिनेमा पर भी मैच देखने के लिए नहीं मिलेगा। तो अपने पुराने डिज्नी प्लस हॉट स्टार के एप को अपडेट कर लीजिए और वहीं पर आप मैच का आनंद उठा सकते हैं।
पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11: मोहम्मद रिजवान (कप्तान) (विकेट कीपर), फखर जमां, बाबर आजम, सऊद शकील, सलमान अली आगा, खुशदिल शाह, तैयब ताहिर, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद, मोहम्मद हसनैन
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग 11: डेवोन कॉनवे, विल यंग, केन विलियमसन, डेरिल मिशेल, टॉम लैथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, जैकब डफी, विलियम ओ'रुरके।
यह भी पढ़ें
हरमनप्रीत कौर की बदशाहत खत्म, इस बल्लेबाज ने एक ही झटके में कर दिया पीछे