South Africa tour of Pakistan: पाकिस्तान क्रिकेट की ओर से बड़ा ऐलान किया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जानकारी दी कि WTC चैंपियन साउथ अफ्रीका की टीम अक्टूबर-नवंबर में पाकिस्तान का दौरा करेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच टेस्ट, T20I और ODI सीरीज खेली जाएगी। यह दौरा पाकिस्तान के ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 अभियान की शुरुआत होगा। साउथ अफ्रीका के पाकिस्तान दौरे का आगाज 12 अक्टूबर से लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में टेस्ट सीरीज से होगा। यह ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी के लिए इस साल की शुरुआत में स्टेडियम के पूर्ण नवीनीकरण के बाद पहला पांच दिवसीय मैच भी होगा। इसके बाद 20 से 24 अक्टूबर तक दूसरा टेस्ट रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
4 साल बाद साउथ अफ्रीका का पहला दौरा
साउथ अफ्रीका 4 साल बाद पाकिस्तान का टेस्ट दौरा करेगी। पिछली बार 2021 में दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं, तब मेजबान पाकिस्तान ने 2-0 से सीरीज जीती थी। टेस्ट सीरीज के बाद 28 अक्टूबर से 3 मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी। पहला मैच रावलपिंडी जबकि दूसरा और तीसरा मुकाबला लाहौर में खेला जाएगा।
17 साल बाद ODI की वापसी
ODI सीरीज का 4 नवंबर से फैसलाबाद में आगाज होगा। फैसलाबाद का इकबाल स्टेडियम 17 साल बाद ODI मैच की मेजबानी करेगा। यहां आखिरी वनडे 11 अप्रैल 2008 को खेला गया था, जिसमें पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया था।
साउथ अफ्रीका टीम की मेजबानी को लेकर PCB के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुमैर अहमद सैयद ने कहा कि हम साउथ अफ्रीका का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। मौजूदा टेस्ट चैंपियंस के खिलाफ सीरीज हमारी टीम और फैंस दोनों के लिए बेहतरीन क्रिकेट लेकर आएगी। फैसलाबाद में 17 साल बाद ODI वापसी होना भी बेहद खास पल है। इकबाल स्टेडियम का हमारे क्रिकेट के इतिहास में अहम योगदान रहा है और वहां इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी ऐतिहासिक होगी।
साउथ अफ्रीका के पाकिस्तान दौरे का फुल शेड्यूल
टेस्ट सीरीज
- पहला टेस्ट: 12 से 16 अक्टूबर – गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर
- दूसरा टेस्ट: 20 से 24 अक्टूबर – रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम
T20I सीरीज
- 28 अक्टूबर – पहला T20I, रावलपिंडी
- 31 अक्टूबर – दूसरा T20I, लाहौर
- 1 नवंबर – तीसरा T20I, लाहौर
ODI सीरीज
- 4 नवंबर – पहला ODI, इकबाल स्टेडियम, फैसलाबाद
- 6 नवंबर – दूसरा ODI, फैसलाबाद
- 8 नवंबर – तीसरा ODI, फैसलाबाद