Australia vs England 3rd Test: एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट मुकाबला इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड के मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस ने चोट से उबरकर वापसी की और अभी तक दो विकेट झटक लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 371 रन बनाए थे और इंग्लैंड ने अभी तक चार विकेट के नुकसान पर 111 रन बना लिए हैं।
पारी की शुरुआत में ही पैट कमिंस ने लिया था विकेट
पैट कमिंस ने इंग्लैंड के खिलाफ पारी की शुरुआत में ही जैक क्राली को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद उन्होंने शानदार लय में चल रहे जो रूट को आउट किया। रूट तेज गेंदबाज कमिंस की गेंद को डिफेंड करना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों में चली गई। रूट ने दूसरे टेस्ट मैच में दमदार 138 रनों की पारी खेली थी, लेकिन बाकी के बल्लेबाजों ने खराब प्रदर्शन से उनके खेल पर पानी फेर दिया था।
जो रूट को 12 बार कर चुके आउट
इसी के साथ पैट कमिंस टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में जो रूट को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज बन गए। वह रूट को अब तक टेस्ट में 12 बार आउट कर चुके हैं। उन्होंने रूट को टेस्ट में आउट करने के मामले में मिचेल स्टार्क और जसप्रीत बुमराह को पीछे किया है। इन गेंदबाजों ने जो रूट को टेस्ट में 11-11 बार आउट किया है।
टेस्ट मैचों में जो रूट को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज
| गेंदबाज | जो रूट को कितनी बार आउट किया |
| पैट कमिंस | 12 बार |
| मिचेल स्टार्क | 11 बार |
| जसप्रीत बुमराह | 11 बार |
| जोश हेजलवुड | 10 बार |
| रवींद्र जडेजा | 9 बार |
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए पहली पारी में एलेक्स कैरी ने शानदार 106 रनों की पारी खेली। उनके अलावा वापसी करने वाले उस्मान ख्वाजा (82 रन) और मिचेल स्टार्क (54 रन) ने अर्धशतक लगाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही ऑस्ट्रेलियाई टीम 371 रनों के स्कोर तक पहुंच सकी। इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने अभी तक चार विकेट के नुकसान पर 111 रन बना लिए हैं और वह ऑस्ट्रेलिया से 260 रन पीछे है।
यह भी पढ़ें:
कब और कहां खेला जाएगा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का फाइनल, जानें कैसे देख पाएंगे लाइव स्ट्रीमिंग
मशहूर T20 लीग को लेकर आई बड़ी खबर, नहीं होगा ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन