1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलियन कप्तान को लेकर आई बड़ी खबर, लगातार 3 सीरीज करेंगे मिस

ऑस्ट्रेलियन कप्तान को लेकर आई बड़ी खबर, लगातार 3 सीरीज करेंगे मिस

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 12, 2025 09:47 am IST,  Updated : Jul 12, 2025 09:47 am IST

पैट कमिंस लंबे समय के लिए मैदान से दूर रहेंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की T20I सीरीज के अलावा वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20I और वनडे सीरीज भी मिस करेंगे।

Pat cummins- India TV Hindi
पैट कमिंस Image Source : GETTY

ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर है और 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में पहले 2 मैच जीतकर 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। अब तीसरा टेस्ट 12 जुलाई से जमैका के सबीना पार्क में खेला जाएगा। इस सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच 20 जुलाई से 28 जुलाई के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी, जिसमें पैट कमिंस नजर नहीं आएंगे। पैट कमिंस को इस सीरीज में आराम दिया गया है। 

कमिंस के अलावा मिचेल स्टार्क और ट्रैविस हेड भी वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज में नहीं खेलेंगे और स्वदेश लौटेंगे। टेस्ट सीरीज के बाद स्वदेश लौटने वाले खिलाड़ियों में जोश हेजलवुड को भी शामिल किया गया है। हेजलवुड को पहले टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अब उनकी जगह जेवियर बार्टलेट की टीम में एंट्री हुई है। 

साउथ अफ्रीका करेगी ऑस्ट्रेलिया का दौरा

वेस्टइंडीज दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम साउथ अफ्रीका की मेजबानी करेगी। दोनों टीमों के बीच 3-3 मैचों की T20I और ODI सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज में भी पैट कमिंस हिस्सा नहीं लेंगे। कमिंस को आराम दिया गया है। यानी ऑस्ट्रेलियन अगले पूरे महीने मैदान पर नजर नहीं आएंगे। एशेज की तैयारियों के मद्देनजर ये बड़ा फैसला लिया गया है। कमिंस होम समर से पहले फिटनेस पर काम करेंगे।

एशेज से पहले फिटनस पर करेंगे काम

कमिंस ने सबीना पार्क में मीडिया से बातचीत में कहा कि अगले कुछ महीनों, लगभग 6 हफ्तों तक उनके पास अच्छी ट्रेनिंग करने का चांस होगा। शायद बॉलिंग नहीं, लेकिन जिम में खूब कसरत करनी होगी। उनका शरीर काफी अच्छा महसूस कर रहा है, लेकिन कुछ छोटी-छोटी चीजें ऐसी होती हैं जिन्हें आप हमेशा ठीक करने की कोशिश करते हैं और फिर समर के लिए उन्हें तैयार करते हैं। कमिंस ऑस्ट्रेलिया के वनडे कप्तान हैं, लेकिन 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से उन्होंने इस फॉर्मेट में केवल दो बार ही कप्तानी की है। इस साल की शुरुआत में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान टखने की चोट के कारण वह चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेल पाए थे।

साउथ अफ्रीका के ऑस्ट्रेलिया दौरे का शेड्यूल

T20I सीरीज 

  • 10 अगस्त: पहला T20I, मार्रा स्टेडियम, डार्विन
  • 12 अगस्त: दूसरा T20I, मार्रा स्टेडियम, डार्विन
  • 16 अगस्त: तीसरा T20I, कैजलिस स्टेडियम, केर्न्स

ODI सीरीज

  • 19 अगस्त: पहला ODI, कैजलिस स्टेडियम, केर्न्स
  • 22 अगस्त: दूसरा ODI, ग्रेट बैरियर रीफ एरिना, मैके
  • 24 अगस्त: तीसरा ODI, ग्रेट बैरियर रीफ एरिना, मैके

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल