ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद कप्तान ने बड़ा कदम उठाया है। आयरलैंड क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग ने T20 टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। 35 साल के स्टर्लिंग ने यह फैसला ऐसे समय लिया है जब आयरलैंड टीम 2028 के आगामी T20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुट चुकी है।
भारत और श्रीलंका में खेले गए इस टूर्नामेंट में आयरलैंड ग्रुप-बी में चौथे स्थान पर रही। टीम ने सिर्फ 3 पॉइंट हासिल किए, जिसमें एक जीत, एक मैच बेनतीजा और दो हार शामिल थीं। स्टर्लिंग खुद भी इस टूर्नामेंट में ज्यादा योगदान नहीं दे पाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान उनके घुटने में लिगामेंट की चोट लग गई, जिसके बाद उनका अभियान बीच में ही खत्म हो गया। उनकी गैरमौजूदगी में विकेटकीपर लॉर्कन टकर ने टीम की कमान संभाली।
ODI कप्तान बने रहेंगे स्टर्लिंग
क्रिकेट आयरलैंड के मुताबिक, स्टर्लिंग T20 कप्तानी छोड़ने के बावजूद टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे और ODI फॉर्मेट में कप्तानी जारी रखेंगे। कप्तानी छोड़ने के बाद स्टर्लिंग ने कहा कि इस फॉर्मेट में आयरलैंड की कप्तानी करना उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान रहा है और यह ऐसी चीज है जिस पर उन्हें बेहद गर्व है। अपने देश की कप्तानी करना एक विशेषाधिकार है, जिसमें बड़ी जिम्मेदारी होती है और इस भूमिका के दौरान उन्हें जो भरोसा और समर्थन मिला, उसके लिए वह बहुत आभारी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अपने साथियों, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और क्रिकेट आयरलैंड से जुड़े हर व्यक्ति का धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने हमेशा उनका साथ दिया। साथ ही मैं फैंस का भी आभारी हूं, जो हर जगह इस टीम का समर्थन करते हैं। हालांकि, वह T20 कप्तानी छोड़ रहे हैं, लेकिन आयरलैंड टीम के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और ODI कप्तान के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेंगे।
स्टर्लिंग का कप्तानी और करियर रिकॉर्ड
स्टर्लिंग ने आयरलैंड के लिए 48 T20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की, जिसमें 20 जीत और 26 हार शामिल हैं। 2 मैच बेनतीजा रहे। उनसे ज्यादा T20 में सिर्फ विलियम पोर्टरफील्ड (56) और एंडी बालबर्नी (52) ने कप्तानी की है। 2009 में डेब्यू करने वाले स्टर्लिंग आयरलैंड के T20 इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने 163 मैचों में 3895 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 134.35 रहा है। T20 कप्तानी से हटने के बाद अब पॉल स्टर्लिंग की नजर वनडे फॉर्मेट में टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर होगी, जबकि आयरलैंड T20 टीम नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने की तैयारी करेगी।
यह भी पढ़ें
अर्जुन तेंदुलकर ने पापा सचिन के बल्ले को लेकर खोला राज, सुनकर हैरान रह गए ऋषभ पंत; देखें VIDEO
विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच इस दिन होगी भिड़ंत, टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल आया सामने