1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली के संन्यास से इन खिलाड़ियों की लगी लॉटरी? मिल सकता है नंबर-4 पर खेलने का मौका

विराट कोहली के संन्यास से इन खिलाड़ियों की लगी लॉटरी? मिल सकता है नंबर-4 पर खेलने का मौका

 Written By: Vanson Soral
 Published : May 12, 2025 01:17 pm IST,  Updated : May 12, 2025 01:17 pm IST

विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। इसके साथ ही भारतीय टेस्ट टीम में नंबर-4 की पॉजिशन खाली हो गई है।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : GETTY

दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली ने 12 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से चल रहे टेस्ट क्रिकेट में उनके भविष्य को लेकर अटकलों का दौर खत्म हो गया। कोहली अब सिर्फ 50 ओवर फॉर्मेट में नजर आएंगे। 36 साल के कोहली ने पिछले साल ही T20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। विराट कोहली ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर संन्यास का ऐलान करते हुए लिखा- जब वह खेल के इस फॉर्मेट से दूर जा रहा हैं, तो यह आसान नहीं है। लेकिन यह सही लगता है। उन्होंने इसे अपना सबकुछ दिया है और इसने उन्हें उम्मीदों से कहीं ज्यादा दिया है। 

विराट ने भारत के लिए 123 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 46.85 के औसत से 30 शतकों की मदद से 9230 रन बनाए। उन्होंने भारत की ओर से अपना आखिरी टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सिडनी में जनवरी 2025 में खेला था। कोहली का रिटायरमेंट इंग्लैंड दौरे से पहले आया है। ऐसे में टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि टेस्ट में कोहली की पॉजिशन यानी नंबर-4 पर कौन खेलेगा। आइए जानते हैं उन खिलाड़ियों के बारें में, जो अब टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली की जगह ले सकते हैं।

श्रेयस अय्यर

विराट ने 123 टेस्ट मैचों में से 98 टेस्ट मैचों में नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए 50 से ज्यादा के औसत से 7564 रन बनाए। कोहली के टेस्ट क्रिकेट छोड़ने के बाद इस जगह को भरना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा। टीम मैनेजमेंट की नजर में कुछ प्लेयर हैं, जो नंबर-4 पर अहम योगदान दे सकते हैं। इनमें एक नाम श्रेयस अय्यर का भी है। श्रेयस अय्यर पिछले कुछ महीनों से वनडे क्रिकेट में कमाल की फॉर्म में हैं। उन्होंने टेस्ट में भी शानदार प्रदर्शन किया है। अय्यर ने नवंबर 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर टेस्ट में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में ही एक शतक और एक अर्धशतक लगाकर कमाल कर दिया था। तब से, अय्यर 14 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और 24 पारियों में 36.86 के औसत से 811 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक पांच अर्धशतक शामिल हैं। अय्यर ने वैसे तो अब तक टेस्ट में नंबर-5 और 6 पर बल्लेबाजी की है, लेकिन वह हर पॉजिशन पर खेलने में सहज नजर आते हैं। यही वजह है कि वह कोहली के बाद खाली हुई नंबर-4 की कुर्सी को बखूबी संभाल सकते हैं।

शुभमन गिल 

भारतीय टीम में पहले से ही शुभमन गिल और केएल राहुल के रूप में दो तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज हैं, जो विराट कोहली के संन्यास लेने के बाद नंबर-4 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। पिछले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग करने वाले राहुल तीसरे नंबर पर भी खेलने उतर सकते हैं, जिससे गिल एक पायदान ऊपर चौथे नंबर की अहम भूमिका निभा सकते हैं। गिल ने अब तक टेस्ट में सिर्फ नंबर-1 से नंबर-3 के बीच ही बल्लेबाजी की है, लेकिन टीम की कमान मिलने पर वह नंबर-4 की चुनौती को स्वीकार करने से पीछे नहीं हटेंगे। इस स्थिति में साई सुदर्शन को ओपनिंग में यशस्वी जायसवाल के साथ मौका दिया जा सकता है।

सरफराज खान

सरफराज खान भी विराट कोहली की गद्दी संभाल सकते हैं। घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने वाले सरफराज ने पिछले साल फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में अपना टेस्ट डेब्यू किया था और दोनों पारियों में अर्धशतक लगाकर सबका दिल जीत लिया था। सरफराज ने अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें नंबर-4 पर उन्हें सिर्फ एक ही बार खेलने का मौका मिला है। हालांकि, इस मौके को उन्होंने शानदार अंदाज में भुनाते हुए अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली थी। उन्होंने बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट की दूसरी पारी में 150 रन बनाए थे। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल