इंग्लैंड की टेस्ट टीम इस समय भारत के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है, लेकिन इसके बाद उसका अगला बड़ा मिशन ऑस्ट्रेलिया का दौरा होगा। क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित सीरीज में से एक एशेज 2025 का आगाज 21 नवंबर से पर्थ में होने जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह बहुप्रतीक्षित 5 टेस्ट मैचों की सीरीज 21 नवंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक खेली जाएगी। इस सीरीज के बीच 2 दिनों का पिंक बॉल मुकाबला भी खेला जाएगा।
पिंक बॉल मैच में PM XI का ENG XI से आमना-सामना
दरअसल, एशेज 2025 का पहला मुकाबला पर्थ में 21 से 25 नवंबर के बीच होगा। इसके बाद इंग्लैंड इलेवन की टीम 29 और 30 नवंबर को मनुका ओवल (कैनबरा) में प्राइम मिनिस्टर इलेवन के खिलाफ एक दो दिवसीय डे-नाइट मैच खेलेगी। इस साल 11वीं बार इंग्लिश टीम का पीएम इलेवन से सामना होने जा रहा है, जो पिंक कूकाबुरा गेंद से खेला जाने वाला पहला मैच होगा।
इसके बाद एशेज का दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर से ब्रिस्बेन में खेला जाएगा। सीरीज का तीसरा मुकाबला 17 से 21 दिसंबर के बीच एडिलेड में होगा, जो कि डे-नाइट टेस्ट हो सकता है। चौथा टेस्ट 26 से 30 दिसंबर तक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में बॉक्सिंग डे टेस्ट के रूप में खेला जाएगा। अंतिम और निर्णायक टेस्ट 4 से 8 जनवरी 2026 के बीच सिडनी में खेला जाएगा।
इंग्लैंड के सामने बड़ी चुनौती
इंग्लैंड की टीम ने पिछली बार 2015 में एशेज सीरीज अपने नाम की थी। तब से लेकर अब तक उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीत का इंतजार है। दोनों टीमों के बीच पिछली एशेज 2023 सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी, जिससे ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया के पास ही बनी रही थी। इस बार इंग्लैंड की नजर न सिर्फ बदला लेने पर होगी, बल्कि एक दशक के सूखे को खत्म कर एशेज ट्रॉफी दोबारा हासिल करने पर भी होगी।
एशेज 2025 का फुल शेड्यूल
- पहला टेस्ट: 21-25 नवंबर, पर्थ
- PM-XI vs England XI: 29-30 नवंबर, मनुका ओवल (डे-नाइट)
- दूसरा टेस्ट: 4-8 दिसंबर, ब्रिस्बेन
- तीसरा टेस्ट: 17-21 दिसंबर, एडिलेड
- चौथा टेस्ट: 26-30 दिसंबर, मेलबर्न
- पांचवां टेस्ट: 4-8 जनवरी, सिडनी