Virat Kohli: IPL 2026 में विराट कोहली का बदला हुआ अंदाज फैंस को साफ दिखाई दे रहा है। पहले जहां वह संयमित बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे, वहीं अब उनके खेल में आक्रामकता और तेजी साफ नजर आ रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के बाद इस बदलाव की असली वजह का खुलासा खुद रविचंद्रन अश्विन ने किया है।
टेस्ट रिटायरमेंट के बाद बदला अप्रोच
अश्विन ने जियोस्टार पर कहा कि 2024 तक जब कोहली टेस्ट क्रिकेट खेल रहे थे, तब उनका बैटिंग स्टाइल काफी स्थिर था। वह अपने शॉट्स को बहुत कंट्रोल के साथ खेलते थे और उनके पैरों की मूवमेंट भी संतुलित रहती थी। लेकिन 2026 में तस्वीर बदल चुकी है। अब कोहली अपने हाथों को ज्यादा खुलकर इस्तेमाल कर रहे हैं और ज्यादा शॉट्स खेलने की कोशिश कर रहे हैं। यही वजह है कि उनका स्ट्राइक रेट तेजी से बढ़ा है।अश्विन ने कहा कि 2024 में विराट का बैट ज्यादा मूव नहीं करता था, लेकिन अब 2026 में वह पहले बैट नीचे रखते हैं और फिर ऊपर लाते हैं, जिससे उन्हें ज्यादा पावर और बेहतर पोजिशन मिलती है। अब वह हाथों को खुलकर खेलने दे रहे हैं।
‘नो-लुक सिक्स’ से दिखी नई झलक
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में कोहली ने 18 गेंदों में 28 रन बनाए और टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इस दौरान उन्होंने एक शानदार नो-लुक सिक्स भी लगाया, जो उनके नए आत्मविश्वास और स्टाइल को दिखाता है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने भी कोहली के स्ट्राइक रेट में सुधार की वजह बताई। उनके अनुसार, कोहली के बैकलिफ्ट में बदलाव आया है, जिससे उन्हें ज्यादा पावर और मोमेंटम मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जब आप बिल्कुल स्थिर खड़े रहते हैं, तो बड़े शॉट्स के लिए जरूरी मोमेंटम नहीं मिल पाता। लेकिन अब कोहली बैट को नीचे लाकर फिर ऊपर ले जा रहे हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त ताकत और टाइमिंग मिल रही है। विराट कोहली का यह नया अवतार दिखाता है कि कैसे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने अपने खेल में बदलाव कर T20 फॉर्मेट के मुताबिक खुद को ढाल लिया है। यही बदलाव उन्हें IPL 2026 में और भी खतरनाक बल्लेबाज बना रहा है। कोहली अब अगला मुकाबला 10 अप्रैल को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते नजर आएंगे, जहां फैंस एक बार फिर उनके इस नए अंदाज का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
फखर जमां पर PCB ने लगाया बैन, अब PSL में बन गए इस टीम के कोच
KKR Vs PBKS: कौन जीतेगा आज का मैच, कितने बजे शुरू होगा मुकाबला