Rajat Patidar Record in IPL: रजत पाटीदार अब आरसीबी के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने आरसीबी को आईपीएल का खिताब जिताया है। आईपीएल के पहले खिताब के लिए आरसीबी को पूरे 18 साल का इंतजार करना पड़ा। खास बात ये है कि रजत पाटीदार पहली बार आरसीबी के कप्तान बने और पहली ही बार में खिताब जीतने में कामयाब हो गए। कहने के लिए कहा जा सकता है कि जो काम विराट कोहली अपनी कप्तानी में नहीं कर पाए, वो काम रजत ने कर दिखाया है। इस जीत के साथ ही रजत पाटीदार ने रोहित शर्मा की भी बराबरी कर ली है।
साल 2013 में रोहित शर्मा ने बनाया था रिकॉर्ड
आईपीएल में सबसे कम मैच खेलकर खिताब जीतने वाले कप्तान अभी तक रोहित शर्मा थे। रोहित शर्मा को पहली बार साल 2013 में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। उस साल जब आईपीएल शुरू हुआ तो रिकी पोंटिंग टीम के कप्तान हुआ करते थे, लेकिन बीच आईपीएल में रिकी पोंटिंग ने कप्तानी छोड़ दी। इसके बाद रोहित शर्मा को नया कप्तान बनाया गया। खास बात ये रही कि उसी साल उन्होंने आईपीएल खिताब भी अपने नाम कर लिया था। तब तक रोहित शर्मा ने केवल 13 ही मुकाबले खेले थे। अब रजत पाटीदार ने भी 13 मैचों में कप्तानी करके ही ट्रॉफी जीत ली है।
रजत पाटीदान ने 13 मैचों में ही की आरसीबी की कप्तानी
दरअसल आरसीबी ने वैसे तो 16 मुकाबले खेले, लेकिन बीच में तीन मैचों के लिए जितेश शर्मा को कप्तान बनाया गया था। इसलिए रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने केवल 13 ही मुकाबले खेले और खिताब जीत लिया। यानी रजत पाटीदार और रोहित शर्मा अब बराबरी पर पहुंच गए हैं। इसके बाद नंबर हार्दिक पांड्या का आता है, उन्होंने गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए साल 2022 में पहली बार कप्तानी की थी और उसी साल खिताब भी जीतने में कामयाब हो गए थे।
शेन वार्न को भी लगा गए थे आईपीएल जीतने में 15 मुकाबले
साल 2008 में जब पहली बार आईपीएल खेला गया था, तब राजस्थान रॉयल्स ने खिताब अपने नाम किया था, तब शेन वार्न ने 15 मैचों में कप्तानी की थी और खिताब भी अपने नाम किया था। इसके बाद साल 2009 में डेक्कन चार्जर्स ने आईपीएल जीता और उस टीम के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट हुआ करते थे, लेकिन तब तक वे 24 मुकाबले चुके थे। अब रजत पाटीदार ने एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे तोड़ना किसी भी कप्तान के लिए आसान तो कतई नहीं होने वाला।