1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Ranji Trophy 2022 Final: पहले दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई 248/5, सीजन का सबसे बड़ा बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद

Ranji Trophy 2022 Final: पहले दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई 248/5, सीजन का सबसे बड़ा बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद

 Published : Jun 22, 2022 06:03 pm IST,  Updated : Jun 22, 2022 06:03 pm IST

रिकॉर्ड 41 बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी मुंबई ने मध्य प्रदेश के खिलाफ फाइनल मुकाबले का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान पृथ्वी शॉ और यशस्वी जायसवाल ने मजबूत शुरुआत के दम पर पहले दिन स्टंप्स तक मुंबई का स्कोर रहा 248/5

Yashasvi Jaiswal- India TV Hindi
Yashasvi Jaiswal Image Source : BCCI

Highlights

  • रणजी ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन मुंबई का स्कोर 248/5
  • यशस्वी जायसवाल ने बनाए सर्वाधिक 78 रन
  • स्टंप्स पर सरफराज खान 40 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद

रणजी ट्रॉफी 2022 का फाइनल मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने मध्य प्रदेश के खिलाफ पांच विकेट के नुकसान पर 248 रन बनाए। स्टंप्स तक सरफराज खान 40 रन और शम्स मुलानी 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।  

मुंबई की सलामी जोड़ी की अच्छी शुरुआत

रिकॉर्ड 41 बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी मुंबई ने फाइनल मुकाबले का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान पृथ्वी शॉ और यशस्वी जायसवाल ने मजबूत शुरुआत देते हुए 87 रन की साझेदारी की। ये साझेदारी शॉ के 47 रन के निजी स्कोर पर आउट होने से टूटी, जिनका विकेट मध्य प्रदेश के गेंदबाज अनुभव अग्रवाल ने लिया। पहले दिन के टॉप स्कोरर यशस्वी जायसवाल रहे, जिन्होंने 78 रन बनाए। सलामी जोड़ी के अलावा मुंबई के टॉप ऑर्डर में बाकी के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। तीसरे नंबर पर आए अरमान जाफर 26 रन और फर्स्ट क्लास डेब्यू पर दोहरा शतक जड़ने वाले सुवेद पारकर 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

पहले दिन स्टंप्स पर सरफराज, मुलानी क्रीज पर मौजूद

फाइनल मुकाबले के पहले दिन कुल 90 ओवर का खेल हुआ। आखिरी ओवर के बाद, स्टंप्स पर सरफराज खान 40 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे जहां 12 रन के निजी स्कोर पर उनका साथ निभा रहे थे शम्स मुलानी। फाइनल में जगह बनाने तक, सरफराज पांच मैच में 803 रन बनाकर सीजन के सबसे बड़े रन स्कोरर थे। वहीं इस सीजन में सर्वाधिक 37 विकेट मुलानी ने चटकाए हैं। वहीं मध्य प्रदेश के लिए पांच मैच में 27 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे कुमार कार्तिकेय ने इस मुकाबले के पहले दिन सिर्फ एक विकेट अपने नाम किया।

दूसरे दिन का पहला सत्र होगा अहम      

खेल के दूसरे दिन मध्य प्रदेश के गेंदबाजों की नजरें पहले सत्र में जल्दी सफलता हासिल करने पर होगी। लगातार धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे सरफराज को जल्दी आउट करने के बाद ही इस मुकाबले में एमपी की बात बन सकती है। अगर मुंबई का ये मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज पहला सीजन निकाल लेता है, तो कप्तान आदित्य श्रीवास्तव की टीम के लिए वापसी करना मुश्किल हो सकता है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल