भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 एशिया कप 2025 में महामुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। राजनीतिक तनाव की वजह से दोनों टीमें अब सिर्फ आईसीसी और एशियन क्रिकेट काउंसिल के टूर्नामेंट में ही खेलती हुई नजर आती हैं। दोनों देशों के बीच बाइलेटरल मैच होना बंद हो गए हैं। पिछले कुछ सालों में भारतीय टीम का पलड़ा पाकिस्तान के खिलाफ भारी रहा है और दोनों टीमों के बीच प्रतिद्वंद्विता काफी हद तक एकतरफा रही है, जिसमें भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 15 में से 13 मुकाबले जीते हैं। अब इस पर पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी राशिद लतीफ ने बड़ी बात कही है।
राशिद बताया ने बताई पाकिस्तान की कमजोरी
राशिद लतीफ ने कहा है कि हम भावुक या अति उत्साहित हो जाते हैं और एक ही बार में सब कुछ करने की कोशिश करते हैं। हम भारत के खिलाफ मैच को ज्यादा आगे नहीं ले जाते और इस वजह से पाकिस्तान को अधिकतर मैच में हार का सामना करना पड़ता है। दूसरी ओर भारत पिच और मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेलता है और इसलिए उसे सफलता मिलती है। पाकिस्तान पर अपेक्षाओं का बोझ है और भारत इसका फायदा उठाता है।
हार्दिक पांड्या की तारीफ में पढ़े कसीदे
राशिद लतीफ ने कहा कि हार्दिक पांड्या एक खतरनाक खिलाड़ी हैं। मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज या निचले क्रम के बल्लेबाज मैच का पासा पलट सकते हैं। पांड्या ने ऐसा एक बार नहीं, बल्कि कई बार किया है। जो अद्भुत है और इसीलिए उन्हें एक्स-फैक्टर कहा जाता है। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी संतुलन लाते हैं। गेंदबाजी में बुमराह अपने दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। कुल मिलाकर यह बेहद संतुलित और संपूर्ण टीम नजर आती है।
टी20 एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान और भारतीय टीम को एक ही ग्रुप में मौका मिला है और दोनों टीमों के बीच 14 सितंबर को मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम के पास हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे स्टार प्लेयर्स हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह की बेजोड़ सटीकता भारतीय टीम को किसी अन्य टीम की तुलना में अधिक संपूर्ण बनाती है।
(Input: PTI)
यह भी पढ़ें:
भारत की प्लेइंग इलेवन में क्या होगा बदलाव? कप्तान सूर्या को लेना है बड़ा फैसला
दुबई के मैदान पर भारत-पाकिस्तान के बीच T20I में ऐसा है रिकॉर्ड, इंडियन टीम ने इतनी बार चटाई धूल