IND vs ENG: बर्मिंघम में टीम इंडिया और इंग्लैंड का आमना-सामना हो रहा है। पहले 2 दिन भारतीय बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 587 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अब तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों पर इंग्लैंड के बल्लेबाजों को आउट करने का दारोमदार होगा।
दूसरे दिन जब इंग्लैंड की पारी का आगाज हुआ था, तो आकाश दीप ने अपने दूसरे ही ओवर में बैक टू बैक 2 गेंदों पर विकेट चटकाने का कमाल किया। इसके बाद मोहम्मद सिराज ने जैक कॉली को पवेलियन का रास्ता दिखाया। दिन का खेल खत्म होने पर इंग्लैंड का स्कोर 20 ओवर में 3 विकेट पर 77 रन था। अब तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों पर सभी की निगाहें टिकी हैं। खासकर पहली पारी में बल्ले से कमाल करने वाले रवींद्र जडेजा से, जो अब तक इस सीरीज में गेंद से कुछ खास नहीं कर सके हैं।
लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में जडेजा एक भी विकेट नहीं चटका सके थे। वहीं, दूसरी पारी में 1 विकेट लेने के लिए 100 से ज्यादा रन खर्च कर डाले थे। अब दूसरे टेस्ट में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। इस मैच में जडेजा के पास खास मुकाम हासिल करने का भी शानदार मौका होगा। हालांकि, इसके लिए उन्हें 2 विकेट की दरकार होगी। 2 विकेट लेते ही वह इंग्लैंड धाकड़ गेंदबाज को पछाड़ देंगे।
जडेजा करेंगे कमाल?
दरअसल, रवींद्र जडेजा के नाम 81 टेस्ट मैचों में 324 विकेट दर्ज हैं। 2 और विकेट लेते ही वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज बॉब विलिस को पीछे छोड़ देंगे। बॉब विलिस ने 90 टेस्ट मैचों में 325 विकेट झटके थे। उन्होंने 16 बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया था। जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 5वें सबसे ज्यादा भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे ज्यादा विकेट अनिल कुंबले, आर अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह ने चटकाए हैं। इन सभी गेंदबाजों ने 400 से ज्यादा विकेट अपनी झोली में किए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
- अनिल कुंबले - 619
- आर अश्विन - 537
- कपिल देव - 434
- हरभजन सिंह - 417
- रवींद्र जडेजा - 324