1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA: सीरीज गंवाने का हम पर असर नहीं पड़ेगा, स्टार भारतीय खिलाड़ी ने ये क्या कह दिया?

IND vs SA: सीरीज गंवाने का हम पर असर नहीं पड़ेगा, स्टार भारतीय खिलाड़ी ने ये क्या कह दिया?

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Nov 25, 2025 10:39 pm IST,  Updated : Nov 25, 2025 10:39 pm IST

साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम मुश्किल में फंसी नजर आ रही है। दो मैचों की सीरीज में भारत पहले ही 0-1 से पीछे है और अब गुवाहाटी टेस्ट के आखिरी दिन टीम के सामने हार टालने की बड़ी चुनौती है।

IND vs SA- India TV Hindi
भारतीय क्रिकेट टीम Image Source : PTI

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खत्म होने की दहलीज पर है। भारत फिलहाल 0-1 से पीछे है और गुवाहाटी में चल रहे दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया की स्थिति बेहद नाजुक है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 27 रन पर 2 विकेट गंवा दिए हैं और सामने है 549 रन का लगभग असंभव लक्ष्य। ऐसे में टीम के लिए सबसे बड़ी उम्मीद यह है कि मुकाबला बचाकर सीरीज को 0-1 पर खत्म किया जाए।

अगर यह टेस्ट हार जाता है, तो भारत को पिछली तीन घरेलू टेस्ट सीरीज में दूसरी बार हार का मुंह देखना पड़ेगा। पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने 0-3 की करारी शिकस्त झेली थी। ऐसे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम पर हार को टालने का काफी ज्यादा प्रेशर है। मुश्किल परिस्थितियों में घिरे होने के बावजूद ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि भारत आखिरी दिन बिना जल्द विकेट गंवाए पूरे दिन बल्लेबाजी करने में सफल रहता है, तो यह टीम के लिए जीत के बराबर होगा।

बेस्ट देने की कोशिश करेगी टीम इंडिया

रवींद्र जडेजा ने यह भी कहा कि साउथ अफ्रीका से सीरीज में हार का अगले साल अगस्त में श्रीलंका में भारत के अगले टेस्ट मैच पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जडेजा ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इसका अगली सीरीज पर कोई असर पड़ेगा। लेकिन, एक क्रिकेटर के तौर पर कोई भी सीरीज हारना नहीं चाहता, खासकर भारत में। उम्मीद है कि हम कल अपना बेस्ट देने की कोशिश करेंगे।

उन्होंने जोर देकर कहा कि दूसरा टेस्ट ड्रॉ कराना युवा टीम के लिए जीत जैसा होगा। जडेजा ने कहा कि हमें अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी और खेल को सत्र दर सत्र आगे बढ़ाना होगा। अगर पहले सत्र में हम विकेट नहीं खोते हैं तो दबाव गेंदबाजों पर आएगा। अगर हम पूरा दिन निकाल लेते हैं तो यह हमारे लिए विन-विन सिचुएशन होगी। पूरा दिन खेलना हमारे लिए जीत जितना ही मायने रखेगा।

2019 से क्या बदला?

भारत ने साल 2019 में साउथ अफ्रीका को घर में 3-0 से हराया था। जडेजा के मुताबिक इस बार भी साउथ अफ्रीका की टीम लगभग वैसी ही है और उनके खेल में ज्यादा बदलाव नहीं है। उन्होंने कहा कि फर्क सिर्फ टॉस का है। 2019 में भारत ने सभी तीनों टॉस जीते थे, जबकि इस बार दोनों टॉस साउथ अफ्रीका के पक्ष में गए।

जडेजा ने कहा कि 2019 और अब की टीम में उन्हें कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखता। क्रिकेट में सब टाइमिंग का खेल है और यह टॉस से शुरू होता है। अगर हम टॉस जीतते तो हालात हमारे लिए बेहतर होते। अब हमें दिन पांच पर अच्छा खेल दिखाना होगा और अपने डिफेंस पर भरोसा रखना होगा। गुवाहाटी टेस्ट के आखिरी दिन भारत के सामने चुनौती बेहद बड़ी है, लेकिन टीम मैच बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

यह भी पढ़ें 

5 शतक, 1504 रन, साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार है विराट का रिकॉर्ड, आंकड़े देख रह जाएंगे हैरान

अब चमत्कार ही दिला सकता है टीम इंडिया को जीत, भारत में अब तक सिर्फ एक बार हुआ ऐसा कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल