इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 23वां लीग मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के बीच में खेला जाएगा। रजत पाटीदार की कप्तानी में खेल रही आरसीबी का इस आईपीएल सीजन में अब तक प्रदर्शन काफी बेहतर देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 4 मैच खेले हैं और उसमें से तीन को अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं, जबकि सिर्फ एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। अभी आरसीबी प्वाइंट्स टेबल में 6 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है। वहीं लखनऊ सुपर जाएंट्स को लेकर बात की जाए तो उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा देखने को मिला है, उन्होंने 4 मैच खेले हैं और उसमें 2 में जीत हासिल की है तो दो मैचों में हार का सामना किया है। एलएसजी की टीम प्वाइंट्स टेबल में अभी चार अंकों के साथ 7वें नंबर पर है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए ये मुकाबला काफी अहम रहने वाला है।
आरसीबी का अभी तक दिखा है लखनऊ के खिलाफ पलड़ा भारी
आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के बीच में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें आरसीबी का पलड़ा साफतौर पर भारी देखने को मिला है। दोनों टीमों के बीच में अभी तक आईपीएल में 6 बार भिड़ंत देखने को मिली है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम चार मैचों को अपने नाम करने में कामयाब रही है, तो वहीं लखनऊ सुपर जाएंट्स सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी है। हालांकि आरसीबी का रिकॉर्ड अपने घर पर लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ बिल्कुल अच्छा देखने को नहीं मिला है, जिसमें एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच में कुल 2 मुकाबले खेले गए हैं और दोनों को लखनऊ की टीम अपने नाम करने में कामयाब रही है।
विराट कोहली पर रहेगी सभी की नजरें
लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें आरसीबी टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली पर रहने वाली हैं, जिनके बल्ले से मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में अर्धशतकीय पारी देखने को मिली थी। हालांकि कोहली की ये पारी थोड़ा धीमे रही थी, वहीं वह फिटनेस में समस्या के चलते फील्डिंग करने भी नहीं उतरे थे। आरसीबी के लिए अब लखनऊ के खिलाफ होने वाले मैच से पहले अच्छी खबर ये है कि कोहली ने मुकाबले से एक दिन पहले ट्रेनिंग की थी, जिसमें वह पूरी तरह से फिट दिख रहे थे। कोहली के पास इस मैच में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का भी मौका रहने वाला है, जिसके लिए उन्हें सिर्फ 2 छक्के लगाने होंगे, जिसमें वह आईपीएल इतिहास में 300 छक्कों का आंकड़ा पूरा करने वाले क्रिस गेल और रोहित शर्मा के बाद तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।
ये भी पढ़ें
IPL 2026: धोनी ने लगातार 5वां मैच मिस करते ही बना दिया नया इतिहास, पहली बार हुआ ऐसा
IPL 2026 के बीच बड़ा ऐलान, चोटिल खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट की घोषणा, SRH से जुड़ा घातक गेंदबाज