1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान के सामने बड़ा संकट, बाबर आजम की बैटिंग पर पोंटिंग और शास्त्री ने उठाए गंभीर सवाल

पाकिस्तान के सामने बड़ा संकट, बाबर आजम की बैटिंग पर पोंटिंग और शास्त्री ने उठाए गंभीर सवाल

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 10, 2026 06:54 am IST,  Updated : Feb 10, 2026 06:54 am IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मैच में बाबर आजम फेल हो गए। बाबर ने नीदरलैंड के खिलाफ सिर्फ 15 रनों की पारी खेली।

Babar Azam- India TV Hindi
बाबर आजम Image Source : AFP

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की हालिया फॉर्म को लेकर चिंताएं गहराती जा रही हैं। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ बाबर की धीमी पारी ने न सिर्फ फैन्स बल्कि दिग्गज क्रिकेट एक्सपर्ट्स को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। पाकिस्तान ने भले ही नीदरलैंड को तीन विकेट से हराकर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की, लेकिन बाबर आजम की 18 गेंदों पर बनाई गई 15 रनों की पारी ने टीम मैनेजमेंट को टेंशन में डाल दिया है। इस पारी को देखकर ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग और भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने बाबर की भूमिका और बल्लेबाजी स्टाइल पर सवाल उठाए हैं।

रिकी पोंटिंग का मानना है कि बाबर आजम अब क्रीज पर पहले जैसी टाइमिंग और पावर के साथ बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई बल्लेबाज 18 गेंदों में सिर्फ 15 रन बनाता है तो वह न केवल खुद पर बल्कि दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ी पर भी दबाव डाल देता है। पोंटिंग के मुताबिक, T20 क्रिकेट में बाबर को शुरुआत से ही आक्रामक होना होगा। उन्होंने कहा कि बाबर को अपनी पहली 6 गेंदों में कम से कम दो चौके लगाने की कोशिश करनी चाहिए, वरना हर बार उनकी धीमी शुरुआत से मैच की गति बदल जाती है।

बाबर आजम पर दबाव

रवि शास्त्री ने भी बाबर की स्थिति को लेकर चिंता जताई। उनका मानना है कि करियर के इस पड़ाव पर बाबर पर बड़े नाम होने का अतिरिक्त बोझ है। उनसे हर मैच में रन बनाने की उम्मीद की जाती है और यही दबाव उनके खेल पर असर डाल रहा है। शास्त्री का साफ कहना है कि बाबर को पहली पांच गेंदों में जोखिम लेना चाहिए। भले ही वह जल्दी आउट हो जाएं, लेकिन उन्हें चौके-छक्के लगाने का इरादा दिखाना होगा। इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और टीम को शुरुआती गति भी मिलेगी।

नंबर चार पर बल्लेबाजी से बढ़ा दबाव

नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में बाबर आजम नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे, जिसे लेकर भी पोंटिंग ने सवाल खड़े किए। उनका मानना है कि इस स्थान पर खेलने से बाबर पर दबाव और बढ़ जाता है। पोंटिंग ने यहां तक कहा कि बाबर की गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने की काबिलियत पहले जैसी नहीं दिख रही, खासकर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ। हालांकि, पोंटिंग ने यह भी माना कि बड़े टूर्नामेंट में अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका अहम होती है और अगर पाकिस्तान को आगे जाना है तो उसे बाबर आजम की शानदार फॉर्म की जरूरत पड़ेगी।

नंबर तीन पर वापसी की सलाह

रिकी पोंटिंग ने सुझाव दिया कि पाकिस्तान को बाबर को उनके पसंदीदा नंबर तीन स्थान पर वापस भेजने पर विचार करना चाहिए। पावरप्ले में फील्ड खुली होने का फायदा बाबर को मिल सकता है। पोंटिंग ने कहा कि बाबर के बाद आने वाले बल्लेबाजों में पावर की कोई कमी नहीं है और वे मिडिल ओवर्स में तेजी से रन बना सकते हैं।

यह भी भी पढ़ें 

T20 World Cup 2026 Points Table: इंग्लैंड से आगे निकली स्कॉटलैंड की टीम, ये है बाकी टीमों का हाल

T20 World Cup 2025 Schedule: चौथे दिन खेले जाएंगे 3 मुकाबले, पाकिस्तान का होगा बड़ा इम्तिहान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल