1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रिंकू सिंह ने फील्डिंग में कर दिया बड़ा कमाल, ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे भारतीय

रिंकू सिंह ने फील्डिंग में कर दिया बड़ा कमाल, ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे भारतीय

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 28, 2026 09:32 pm IST,  Updated : Jan 28, 2026 09:32 pm IST

IND vs NZ 4th T20I: रिंकू सिंह ने विशाखापत्तनम में न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ा कारनामा किया। रिंकू ने एक ही मैच में 4 कैच लेकर बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।

Rinku Singh- India TV Hindi
रिंकू सिंह Image Source : AFP

पांच मैचों की T20I सीरीज के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का रास्ता चुना। बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शुरुआत में भारत पर दबाव बना दिया। कीवी ओपनरों ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरते हुए पहले विकेट के लिए शानदार शतकीय साझेदारी कर दी, जिसके चलते शुरुआती आठ ओवर तक भारतीय गेंदबाजों को सफलता नहीं मिली।

भारतीय टीम को पहली राहत कुलदीप यादव ने दिलाई। उन्होंने सेट हो चुके डेवोन कॉन्वे को पवेलियन भेजा और इस विकेट में रिंकू सिंह की शानदार फील्डिंग ने अहम भूमिका निभाई। इस सफलता के बाद न्यूजीलैंड की पारी की रफ्तार पर ब्रेक लगा और भारतीय गेंदबाजों ने मैच में जोरदार वापसी की। इसके बाद न्यूजीलैंड का मिडिल ऑर्डर भारतीय गेंदबाजी के सामने डगमगा गया। कीवी टीम ने 152 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते अपने पांच विकेट गंवा दिए। इस दौरान मैदान पर सबसे ज्यादा चमक रिंकू सिंह की देखने को मिली, जिन्होंने फील्डिंग में कमाल कर दिया।

एक के बाद एक पकड़े शानदार कैच

रिंकू ने पहले सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट का शानदार कैच लपका, फिर खतरनाक माने जाने वाले ग्लेन फिलिप्स को भी कैच आउट कर भारत को बड़ी सफलताएं दिलाईं। इसके बाद 18वें ओवर में जैकरी फॉल्क्स का कैच पकड़ते ही रिंकू ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।

दरअसल, रिंकू सिंह ने इस मुकाबले में चार कैच लेकर एक खास उपलब्धि हासिल की। वह एक ही T20I मैच में चार कैच लेने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अजिंक्य रहाणे के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। रहाणे ने 7 सितंबर 2014 को बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए T20I मुकाबले में चार कैच पकड़ने का कारनामा किया था।

एक T20I मैच में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले भारतीय फील्डर

  • अजिंक्य रहाणे - 4 कैच vs इंग्लैंड (2014)
  • रिंकू सिंह - 4 कैच vs न्यूजीलैंड (2026)
  • रोहित शर्मा - 3 कैच vs साउथ अफ्रीका (2012)
  • सुरेश रैना - 3 कैच vs साउथ अफ्रीका (2012)

रिंकू सिंह की शानदार फील्डिंग और भारतीय गेंदबाजी के पलटवार करने के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 215 रन बनाने में कामयाब रही। टिम सीफर्ट ने सबसे ज्यादा 62 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल