1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. प्लेऑफ में पहुंचने के बाद भी खुश नहीं हैं RR के कप्तान रियान पराग, अपनी फिटनेस को लेकर किया बड़ा खुलासा

प्लेऑफ में पहुंचने के बाद भी खुश नहीं हैं RR के कप्तान रियान पराग, अपनी फिटनेस को लेकर किया बड़ा खुलासा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : May 24, 2026 10:17 pm IST,  Updated : May 24, 2026 10:18 pm IST

Riyan Parag: राजस्थान रॉयल्स की टीम ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की। हालांकि प्लेऑफ में पहुंचने के बाद भी रियान पराग अपनी टीम के प्रदर्शन से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं।

Riyan Parag- India TV Hindi
रियान पराग Image Source : PTI

राजस्थान रॉयल्स की टीम ने आईपीएल 2026 के अपने आखिरी लीग स्टेज मैच में मुंबई इंडियंस को 30 रनों से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की। इसके साथ ही राजस्थान की टीम इस सीजन प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है। इससे पहले RCB, GT और SRH की टीमें प्लेऑफ में अपनी जगह बना चुकी थी। इस बीच प्लेऑफ में जगह बनाने के बावजूद RR के कप्तान अपने टीम के प्रदर्शन से खुश नजर नहीं आए और उन्होंने MI के खिलाफ मैच के बाद खासकर अपने बल्लेबाजों को जमकर लताड़ा है।

सेट बल्लेबाजों का आखिरी ओवर तक खेलना जरूरी- रियान पराग

MI के खिलाफ मैच के बाद रियान पराग से प्रेजेंटेशन सेरेमनी में टीम के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि जब सब कुछ प्लानिंग के हिसाब से होता है, तो अच्छा लगता है। लेकिन जीत के बावजूद अभी भी ऐसी कई एरिया हैं, जिनमें हमें सुधार करने की जरूरत है। मैं चाहता था कि जो बल्लेबाज क्रीज पर टिक हुए हैं, वे थोड़ा और लंबा खेलें, वे अंत तक बल्लेबाजी करें। इस पिच पर धीमी बल्लेबाजी करना सही नहीं था, इसलिए रनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए मैंने जोफ्रा आर्चर को सातवें और रवींद्र जडेजा को नौवें नंबर पर भेजने का साहसिक फैसला लिया। मेरी सोच साफ थी कि एक बल्लेबाज रिस्क लेकर बड़े शॉट खेले और दूसरा बल्लेबाज एक छोर पर टिका रहे। जडेजा भाई हमेशा की तरह भरोसेमंद निकले; मुझे पूरा यकीन था कि वे आखिरी ओवरों में आकर 10 गेंदों पर 20 रन बना देंगे और उन्होंने बिल्कुल वैसा ही किया।

मैंने इस सीजन कई बड़े और साहसिक फैसले लिए हैं- रियान पराग

रियान पराग ने इसी बातचीत के दौरान ये भी कहा कि मैंने इस सीजन में कप्तानी करते हुए कई बड़े और साहसिक फैसले लिए हैं, क्योंकि मुझे इसी अंदाज में कप्तानी करना पसंद है। असम की टीम के लिए भी मैं ऐसे ही कप्तानी करता हूं। मैच में सही मौके का फायदा उठाना जरूरी होता है। जैसे, मुझे पता था कि हार्दिक पांड्या को सिर्फ जोफ्रा आर्चर ही आउट कर सकते हैं, इसलिए मैंने उन्हें गेंद थमाई और मेरा यह फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ।

कप्तानी में आंकड़ों से ज्यादा आपका अपना छठा सेंस (Sixth Sense) का इस्तेमाल करना होता है। फैसले लेना आसान नहीं होता, लेकिन हमारी जीत का पूरा श्रेय बृजेश और यश राज को जाता है। मैं आमतौर पर खिलाड़ियों की ज्यादा तारीफ नहीं करता ताकि वो ओवर कॉन्फिडेंट न हो जाएं, लेकिन आज रात वे इसके हकदार हैं। बृजेश ने पिछले कुछ मैचों में रन लुटाने के बाद जिस तरह से शानदार वापसी की है, वह तारीफ के लायक है। वहीं पुंजा का सफर तो कमाल का रहा है, एक नेट बॉलर से लेकर टीम के मुख्य स्पिनर बनने तक, इन दोनों ने ही टीम के लिए बेहतरीन काम किया है।

मैं पूरी तरह फिट नहीं हूं- रियान पराग

रियान पराग ने ये भी बताया कि वो अभी पूरी तरह से फिट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी अगले मैचों में भी ऐसा ही दमदार प्रदर्शन जारी रखेंगे। सच कहूं तो मैं पूरी तरह फिट नहीं हूं, यह सब बस दिमाग और इच्छाशक्ति का खेल है। आज के मैच में मेरा खेलना तय नहीं था और मुझे आराम करना था, लेकिन प्लेऑफ के मैचों में मैं जरूर खेलूंगा। हमें काफी पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लेना चाहिए था।

यह भी पढ़ें

राजस्थान रॉयल्स के इस खिलाड़ी के आउट होने पर क्यों मचा बवाल, क्या मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में अंपायर्स भूल गए नियम?

वैभव सूर्यवंशी ने अब फील्डिंग से IPL में रचा इतिहास, ध्वस्त हुआ 8 साल पुराना कीर्तिमान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल