1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा मैदान पर उतरते ही बनेंगे खास क्लब का हिस्सा, अब तक केवल 4 भारतीय खिलाड़ी कर पाए हैं ये कारनामा

रोहित शर्मा मैदान पर उतरते ही बनेंगे खास क्लब का हिस्सा, अब तक केवल 4 भारतीय खिलाड़ी कर पाए हैं ये कारनामा

 Published : Aug 26, 2025 12:35 pm IST,  Updated : Aug 26, 2025 12:35 pm IST

रोहित शर्मा अब तक 499 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और 500वां मुकाबला खेलने से महज एक कदम दूर हैं।

rohit sharma- India TV Hindi
रोहित शर्मा Image Source : GETTY

Rohit Sharma: भारतीय वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा अभी तो मैदान से दूर हैं। वे एशिया कप भी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, जो अगले महीने से शुरू हो रहा है। इस बार का एशिया कप टी20 फॉर्मेट पर होगा, जिससे रोहित शर्मा पिछले ही साल संन्यास ले चुके हैं। रोहित अब केवल वनडे खेल रहे हैं। अब अगले मैच में वे जैसे ही मैदान पर उतरेंगे, एक खास क्लब का हिस्सा बन जाएंगे। ये क्लब खास इसलिए है, क्योंकि इसमें अभी तक केवल चार ही भारतीय खिलाड़ी हैं, अब रोहित शर्मा पांचवें खिलाड़ी बनने से केवल एक ही मैच दूर हैं। 

सचिन तेंदुलकर ने खेले हैं सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मुकाबले

इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्याद मैच खेलने वाले खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर हैं। साल 1989 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर ने साल 2013 तक क्रिकेट खेला, इस दौरान उन्होंने 664 मुकाबले खेले हैं। ध्यान रखिएगा इसमें टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल मैचों को मिलाकर बात हो रही है। कोई भी भारतीय खिलाड़ी इतने मैच नहीं खेल पाया है, यहां तक कि दूसरे नंबर के खिलाड़ी के नाम 600 मुकाबले भी नहीं हैं। 

विराट कोहली भी अब तक खेल चुके हैं 550 इंटरनेशनल मैच

इस मामले में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे नंबर पर विराट कोहली का नाम आता है। उन्होंने साल 2008 में डेब्यू किया था और तब से लेकर अब तक 550 इंटरनेशनल मैच वे खेल चुके हैं। एमएस धोनी ने अपने करियर के दौरान 535 मैच खेले हैं और वे इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आते हैं। साल 1996 से लेकर 2012 तक खेलने वाले राहुल द्रविड़ नंबर चार पर हैं। उन्होंने 504 इंटरनेशनल मैच खेलने का काम किया है। 

रोहित शर्मा 500 मैच खेलने से केवल एक ही कदम दूर

यही वो चार बल्लेबाज हैं, जिन्होंने भारत के लिए 500 से अधिक इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा अभी नंबर पांच पर हैं। साल 2007 में डेब्यू करने वाले रोहित शर्मा ने अब तक 499 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। यानी उन्हें 500 मुकाबले करने के लिए केवल एक ही और मैच की दरकार है। अब रोहित चूंकि केवल वनडे ही खेल रहे हैं, इसलिए अभी उन्हें इसके लिए थोड़ा सा इंतजार करना होगा। 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित बनेंगे खास क्लब का हिस्सा

भारतीय टीम अब अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी, इस दौरान तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। माना जा रहा है कि इस सीरीज में भी रोहित शर्मा खेलते हुए नजर आएंगे। यानी इस सीरीज के पहले मैच में जैसे ही रोहित शर्मा मैदान में कदम रखेंगे, वे 500 मैच खेलने वाले भारत के पांचवें खिलाड़ी बन जाएंगे। यानी रोहित के लिए ये मैच काफी ज्यादा ऐतिहासिक होने वाला है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल