Rubel Hossain announces retirement: क्रिकेट जगत से बड़ी खबर सामने आई है। बांग्लादेश क्रिकेट को कई यादगार लम्हे देने वाले तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन ने आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। 36 साल के रुबेल ने भावुक संदेश के साथ रिटायरमेंट की जानकारी फैंस के साथ शेयर की। रुबेल हुसैन लगभग 12 सालों तक बांग्लादेश के लिए खेले और अपनी टीम को कई यादगार पल दिए।
भावुक पोस्ट के साथ किया ऐलान
रुबेल ने सोशल मीडिया पर अपने फैसले की जानकारी देते हुए लिखा कि उन्होंने बांग्लादेश के लिए 27 टेस्ट, 104 ODI और 28 T20 इंटरनेशनल मैच खेले। नेशनल टीम उनका इमोशन है, लेकिन एक समय आता है, जब अलविदा कहना पड़ता है। उन्होंने यह भी साफ किया कि इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बावजूद वह घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। रुबेल ने अपने परिवार, दोस्तों, मीडिया और फैंस का शुक्रिया अदा किया और उम्मीद जताई कि करियर के अगले चरण में भी उन्हें ऐसा ही समर्थन मिलता रहेगा।
रुबेल हुसैन ने अपने करियर में 27 टेस्ट में 36 विकेट, 104 वनडे में 129 विकेट और 28 T20 इंटरनेशनल में 28 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। वहीं घरेलू क्रिकेट में वह आखिरी बार 2024 में प्राइम बैंक क्रिकेट क्लब के लिए खेलते नजर आए।
2015 वर्ल्ड कप की यादगार कहानी
रुबेल का नाम क्रिकेट इतिहास में खास तौर पर ICC वर्ल्ड कप 2015 की उस ऐतिहासिक स्पेल के लिए हमेशा याद किया जाएगा, जब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मैच का रुख बदल दिया था। एडिलेड में खेले गए उस मुकाबले में उन्होंने 9.3 ओवर में 53 रन देकर 4 विकेट चटकाए और बांग्लादेश को पहली बार वर्ल्ड कप क्वार्टरफाइनल में पहुंचाया।उन्होंने 145 किमी/घंटा से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर स्टुअर्ट ब्रॉड को बोल्ड किया और अगली गेंद पर जेम्स एंडरसन को आउट कर सनसनी मचा दी। इस प्रदर्शन को बाद में ICC ने टूर्नामेंट के बेहतरीन स्पेल्स में शामिल किया। रुबेल की यह स्पेल उस वर्ल्ड कप में मिचेल स्टार्क, ट्रेंट बोल्ट और टिम साउथी जैसे दिग्गज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बीच भी अलग पहचान बनाकर उभरी।
यह भी पढ़ें
RCB vs LSG मैच से आई बुरी खबर, कप्तान ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान से गए बाहर
VIDEO: मिचेल मार्श ने चिन्नास्वामी में जड़ा गगनचुंबी छक्का, गेंद को पहुंचाया स्टेडियम के पार