Rishabh Pant injured: IPL 2026 के 23वें मैच में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने हैं। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को पारी का आगाज होने के साथ ही तगड़ा झटका लग गया है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही चोटिल होकर मैदान छोड़ने को मजबूर हो गए, जिससे टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बैटिंग पावरप्ले खत्म होने से पहले पंत को यह चोट लगी। ऐसे में वह रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर चले गए। जोश हेजलवुड की गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश में गेंद सीधे उनके बाएं कोहनी पर जा लगी। इसके बाद वह दर्द से कराहते नजर आए और मैदान पर असहज दिखे। इसके बाद फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे, लेकिन पंत की हालत देखकर साफ हो गया कि वह बल्लेबाजी जारी नहीं रख पाएंगे। चोट लगने के बाद पंत काफी दर्द में दिखे और मैदान से बाहर जाते समय दर्द उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था। इस दौरान हेजलवुड ने खेल भावना दिखाते हुए पंत की पीठ थपथपाकर उनका हौसला बढ़ाया।
कैसे लगी चोट?
दरअसल, पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर पंत ने क्रॉस-बैट से शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधी लाइन पर थी और उनकी कोहनी पर जा लगी। यह चोट काफी दर्दनाक रही, जिसके चलते उन्हें तुरंत मैदान छोड़ना पड़ा। पंत के बाहर जाने के बाद टीम की स्थिति और खराब हो गई। ऐसे मुश्किल समय में निकोलस पूरन क्रीज पर आए और पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। हालांकि, पूरन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए और सिर्फ 1 रन बनाकर 7वें ओवर की पहली ही गेंद पर जोश हेजलवुड को अपना विकेट दे बैठे। पंत की चोट कितनी गंभीर है, इसका आधिकारिक अपडेट अभी आना बाकी है। लेकिन अगर यह चोट ज्यादा गंभीर निकली, तो LSG के लिए यह बड़ा झटका साबित हो सकता है, खासकर तब जब टीम मुश्किल दौर से गुजर रही है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
लखनऊ सुपर जायंट्स (प्लेइंग इलेवन): एडेन मारक्रम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव।
लखनऊ सुपर जाइंट्स इम्पैक्ट सब: मणिमारन सिद्धार्थ, जॉर्ज लिंडे, मैथ्यू ब्रीट्जके, हिम्मत सिंह, मयंक यादव।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (प्लेइंग इलेवन): फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इम्पैक्ट सब: विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, जॉर्डन कॉक्स, कनिष्क चौहान, मंगेश यादव।
यह भी पढ़ें:
IPL 2026 के बीच मुंबई इंडियंस के खेमे से आई बड़ी खबर, रोहित शर्मा पंजाब के खिलाफ मैच से बाहर?