1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान टीम में फिर होगा बड़ा बदलाव! इस खिलाड़ी को सौंपी जा सकती है तीनों फॉर्मेट की कप्तानी

पाकिस्तान टीम में फिर होगा बड़ा बदलाव! इस खिलाड़ी को सौंपी जा सकती है तीनों फॉर्मेट की कप्तानी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 08, 2025 07:45 pm IST,  Updated : Jun 08, 2025 07:45 pm IST

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB अपनी नेशनल टीम में कुछ बड़े बदलाव करने जा रहा है, जिसमें सभी प्रारूपों की कप्तानी एक ही खिलाड़ी को सौंपी जा सकती है।

pakistan cricket- India TV Hindi
सलमान अली आगा और बाबर आजम Image Source : GETTY

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपनी नेशनल टीम में बड़े बदलाव की तैयारी में है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड सलमान अली आगा को तीनों फॉर्मेट का कप्तान बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है तो वह टेस्ट टीम की कप्तानी में शान मसूद की जगह लेंगे। सिर्फ कप्तानी में बदलाव ही नहीं PCB एक नई पर्यवेक्षक समिति बनाने की भी विचार कर रहा है। इसका काम नेशनल टीम समेत देश के क्रिकेट से जुड़े हर घटनाक्रम पर पैनी नजर रखना और बोर्ड अध्यक्ष को सिफारिशें भेजना होगा। पाकिस्तान टीम पिछले कुछ सालों से बदलाव के दौर से गुजर रही है। 

सूत्रों के मुताबिक, इस समिति के गठन को लेकर पूर्व कप्तान सरफराज अहमद और पूर्व तेज गेंदबाज सिकंदर बख्त को लाहौर बुलाया गया है। दोनों को समिति में अहम जिम्मेदारी देने की पेशकश की गई है। माना जा रहा है कि कुछ और पूर्व क्रिकेटर भी इस पैनल में शामिल किए जा सकते हैं।

टीम को मिला नया कोच

इसी के साथ PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी और नए व्हाइट बॉल हेड कोच माइक हेसन अपने करीबी सहयोगियों के साथ मिलकर नेशनल सेलेक्शन कमिटी की भूमिका को भी नए सिरे से परिभाषित करने पर विचार कर रहे हैं। चर्चा है कि या तो मौजूदा सेलेक्शन कमिटी में बदलाव किए जाएंगे, या फिर एक नई चयन प्रणाली लाई जाएगी, जो घरेलू और जूनियर क्रिकेट से टैलेंट खोजने पर खास फोकस करेगी।

सभी पदों पर होगी काबिल लोगों की नियुक्ति

सूत्रों ने बताया कि मोहसिन नकवी चाहते हैं कि हर पद पर सही व्यक्ति नियुक्त किया जाए और कोच-कप्तान को टीम चयन में पूरी स्वतंत्रता दी जाए। फिलहाल सलमान अली आगा पाकिस्तान के T20 कप्तान हैं, लेकिन अब उन्हें तीनों फॉर्मेट की जिम्मेदारी देने की योजना है। वहीं, बोर्ड टेस्ट फॉर्मेट के लिए नए कोच की नियुक्ति के साथ तीनों फॉर्मेट का एक कप्तान बनाने पर भी विचार कर रहा है। पाकिस्तान की टेस्ट टीम को इस साल सिर्फ पांच मुकाबले खेलने हैं, जिनमें उनका पहला टेस्ट इस साल के अंत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की घरेलू सीरीज में होगा, जो ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए साइकिल का हिस्सा होगी।

(PTI Inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल