1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SCO vs ITA: इटली को अपने पहले ही मैच में मिली करारी शिकस्त, स्कॉटलैंड 73 रन से जीता

SCO vs ITA: इटली को अपने पहले ही मैच में मिली करारी शिकस्त, स्कॉटलैंड 73 रन से जीता

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 09, 2026 10:00 am IST,  Updated : Feb 09, 2026 02:14 pm IST

SCO vs ITA T20 World Cup: T20 वर्ल्ड कप 2026 के 7वें मुकाबले में इटली की टीम को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। स्कॉटलैंड ने इटली के सामने 208 रनों का टारगेट रखा। जवाब में इटली की टीम 16.4 ओवरों में 134 रनों पर ढेर हो गई।

स्कॉटलैंड बनाम इटली- India TV Hindi
स्कॉटलैंड बनाम इटली Image Source : FEDERAZIONE CRICKET ITALIANA

Scotland Vs Italy: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में 9 फरवरी को स्कॉटलैंड और इटली के बीच भिड़ंत हुई। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में इटली को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इटली की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 207 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में इटली की टीम 16.4 ओवरों में 134 रन पर ढेर हो गई। स्कॉटलैंड की ओर से माइकल लीस्क ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की पारी का शानदार आगाज हुआ। सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने 13 ओवर में ही 115 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। जॉर्ज मुन्से अर्धशतक बनाकर आउट हुए। मुन्से ने 84 रनों की पारी खेली। इटली को 14वें ओवर में जाकर पहली सफलता मिली। इसके बाद माइकल जोन्स 37 रन बनाकर आउट हो गए। इटली की टीम सिर्फ 4 विकेट चटका सकी। चौथे ओवर में कप्तान वेन मैडसेन के मैदान छोड़ने के बाद इटली की टीम प्रेशर में आ गई। नतीजा ये हुआ कि इटैलियन गेंदबाज विकेट के लिए तरसते नजर आए।

स्कॉटलैंड के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी इटली की टीम का आगाज कुछ खास नहीं रहा। टीम ने 40 रन के भीतर 3 विकेट खो दिए। इसके बाद हैरी मनेंटी और बेन मनेंटी ने मिलकर पारी को संभाला और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। हालांकि, इस साझेदारी के टूटते ही इटली की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई और फिर 17वें ओवर में 134 रन पर ऑलआउट हो गई। बेन मनेंटी ने 31 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली।

प्लेइंग इलेवन

स्कॉटलैंड (प्लेइंग XI): जॉर्ज मुन्से, माइकल जोन्स, ब्रैंडन मैकमुलेन, रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), मार्क वॉट, माइकल लीस्क, ओलिवर डेविडसन, ब्रैड व्हील, ब्रैड करी।

इटली (प्लेइंग XI): जस्टिन मोस्का, एंथनी मोस्का, जेजे स्मट्स, वेन मैडसेन (कप्तान), हैरी मैनेंटी, बेन मैनेंटी, जियान मीड (विकेटकीपर), ग्रांट स्टीवर्ट, क्रिशन कालूगामेज, अली हसन, थॉमस ड्रेका।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल