1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सुमित नागल का हार के बाद आया बयान, कहा- 'कोर्ट का लो-बाउंस बना परेशानी की बड़ी वजह'

सुमित नागल का हार के बाद आया बयान, कहा- 'कोर्ट का लो-बाउंस बना परेशानी की बड़ी वजह'

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Sep 19, 2026 06:47 am IST,  Updated : Sep 19, 2026 06:50 am IST

डेविस कप के दूसरे राउंड में भारत की टीम साउथ कोरिया का सामना कर रही है, जिसमें 18 सितंबर को खेले गए दोनों मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा, जिसमें सुमित नागल ने भी ह्योन चुंग के खिलाफ अपने मुकाबले को गंवा दिया।

Sumit Nagal- India TV Hindi
सुमित नागल Image Source : PTI

डेविस कप के दूसरे राउंड में भारतीय टीम का मुकाबला साउथ कोरिया से हो रहा है, जिसमें यह मैच सियोल के ओलंपिक पार्क टेनिस सेंटर में खेले जा रहे हैं। 18 सितंबर को दो मुकाबले हुए जो सिंगल्स इवेंट के थे और इन दोनों ही मैचों में भारतीय खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में जहां डीके सुरेश को हार मिली तो वहीं सुमित नागल जिनको लेकर सबसे ज्यादा नजरें थी उनको भी तीन घंटे तक चले कड़े मैच में साउथ कोरिया के ह्योन चुंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। सुमित नागल ने अपने मुकाबले में हार के बाद दिए बयान में इसका सबसे बड़ा कारण कोर्ट के लो-बाउंस को बताया जिसके चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि भारत में डेविस कप के मुकाबलों का सीधा प्रसारण VETO OTT पर किया जा रहा है।

मुझे कड़े मुकाबले की उम्मीद थी और मुकाबला वैसा ही रहा

सुमित नागल ने डेविस कप में साउथ कोरिया के खिलाड़ी के खिलाफ मुकाबले में मिली हार के बाद दिए बयान में कहा कि यह लंबा दिन था। मुझे कड़े मुकाबले की उम्मीद थी और मुकाबला वैसा ही रहा। दूसरे सेट में मेरे पास मौके थे, लेकिन मैं उन्हें भुना नहीं सका। मैंने मौके का फायदा उठाने की कोशिश की लेकिन चूक गया। इसके बाद मैच का रुख काफी हद तक बदल गया। कोर्ट की रफ्तार ठीक है, लेकिन परिस्थितियां थोड़ी 'डेड' हैं। जब गेंद थोड़ी पुरानी हो जाती है तो उसमें गति और मूवमेंट पैदा करना मुश्किल होता है। मुझे लगा कि आज वह इस मामले में मुझसे बेहतर रहा। बता दें कि इस मैच में सुमित नागल ने काफी अच्छी शुरुआत की थी, जिसमें पहले सेट को वह 6-2 के अंतर से जीतने में कामयाब रहे थे, लेकिन इसके बाद ह्योन चुंग ने वापसी करने के साथ अगले दो सेट 6-4 और 7-5 के अंतर से अपने नाम करने के साथ जीत हासिल की है।

डीके सुरेश ने माना जल्दबाजी करना पड़ा भारी

भारतीय टीम की तरफ से डेविस कप के पहले मुकाबले में डीके सुरेश कोर्ट पर उतरे थे, जिसमें उनको कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। डीके सुरेश ने मुकाबले में मिली हार को लेकर कहा कि मुझे लगा कि शायद मैं कुछ ज्यादा ही जल्दबाजी कर रहा था। मैं कल के मैच में अपनी गलतियों को दोहराने से बचने की कोशिश करूंगा। अब भारतीय टीम की पूरी नजरें 19 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 पर होने वाले डबल्स मुकाबले पर हैं जिसमें उनके सामने करो या मरो की स्थिति है।

ये भी पढ़ें

डेविस कप के दूसरे मैच में सुमित नागल को मिली हार, कोरियाई खिलाड़ी ने 2-6, 6-4, 7-5 से मुकाबला किया अपने नाम

डेविस कप के पहले मैच में डीके सुरेश को मिली हार, कोरियाई खिलाड़ी ने 3-6, 6-3, 6-4 के अंतर से जीता मुकाबला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल