1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. डेविस कप में 19 सितंबर को बालाजी-निकी पूनाचा के सामने जी सुंग-पार्क सुंग की चुनौती, जानें कब-कहां देखें लाइव

डेविस कप में 19 सितंबर को बालाजी-निकी पूनाचा के सामने जी सुंग-पार्क सुंग की चुनौती, जानें कब-कहां देखें लाइव

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 18, 2026 07:57 pm IST,  Updated : Sep 18, 2026 08:00 pm IST

19 सितंबर को होने वाले डबल्स मैच में एन श्रीराम बालाजी और निकी पूनाचा की भारतीय जोड़ी का सामना साउथ कोरिया के नाम जी-सुंग और पार्क उई-सुंग से होगा। 18 सितंबर को खेले गए दोनों मैचों में टीम इंडिया के प्लेयर्स को हार का सामना करना पड़ा।

N Sri Ram Balaji- India TV Hindi
एन श्रीराम बालाजी Image Source : AFP

डेविस कप 2026 में भारत और साउथ कोरिया के बीच सियोल में खेला जा रहा मुकाबला अब एक बेहद रोमांचक और निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। जारी टूर्नामेंट के पहले दिन भारतीय टीम 0-2 से पीछे हो गई है। अब 19 सितंबर को होने वाले डबल्स और रिवर्स सिंगल्स मुकाबले भारत के लिए करो या मरो जैसा होने वाला है। इस टूर्नामेंट में बने रहने के लिए भारत को कल का मैच हर हाल में जीतना होगा। डेविस कप को टेनिस का वर्ल्ड कप कहा जाता है। भारत और साउथ कोरिया के बीच यह मुकाबला डेविस कप 2026 के दूसरे राउंड का क्वालीफायर मुकाबला है। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सीधे नवंबर में इटली के बोलोग्ना में होने वाले फाइनल-8 में जगह बनाएगी।

19 सितंबर के मुकाबले में बालाजी-पूनाचा की जोड़ी पर दारोमदार

19 सितंबर को डबल्स मैच खेला जाएगा, जिसमें भारत के एन श्रीराम बालाजी और निकी कल्याणडा पूनाचा की जोड़ी का सामना साउथ कोरिया के नाम जी-सुंग और पार्क उई-सुंग से होगा। यदि भारत को टूर्नामेंट की रेस में बने रहना है, तो शनिवार को होने वाले तीनों मैच (1 डबल्स और 2 रिवर्स सिंगल्स) हर हाल में जीतने होंगे। अगर भारत शनिवार को पहला डबल्स मैच हार जाता है, तो साउथ कोरिया इस पूरी सीरीज को 3-0 से जीतकर अगले राउंड के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। यदि भारत डबल्स मैच जीत लेता है, तो इसके बाद दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच दो रिवर्स सिंगल्स मैच खेले जाएंगे।

19 सितंबर के मुकाबले

  • एन श्रीराम बालाजी/निकी पूनाचा vs उइसुंग पार्क/जिसुंग नाम
  • सुमित नागल vs क्वोन सून-वू
  • दक्षिणेश्वर सुरेश vs ह्योन चुंग

कब और कहां देखें लाइव मैच?

भारत में टेनिस फैंस19 सितंबर को इस मुकाबले का सीधा प्रसारण अपने स्मार्टफोन या स्मार्ट टीवी पर VETO OTT ऐप पर बिल्कुल मुफ्त में लाइव देख सकते हैं। 19 सितंबर को डबल्स मैच भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे शुरू होगा।

पहले दिन डीके सुरेश और सुमित नागल को मिली हार

शुक्रवार को खेले गए दोनों सिंगल्स मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले सेट जीते, लेकिन अंत में कोरियाई खिलाड़ियों ने जबरदस्त वापसी करते हुए मैच को अपने नाम कर लिया। पहले मैच में भारत के डीके सुरेश का सामना कोरिया के क्वोन सून-वू से हुआ। सुरेश ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहले सेट को 6-3 से अपने नाम कर लिया था। हालांकि, इसके बाद क्वोन सून-वू ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए वापसी की और अगले दोनों सेट 6-3, 6-4 से जीतकर भारत को पहला झटका दिया।

दूसरे मैच में भारत के टॉप सिंगल्स खिलाड़ी सुमित नागल का मुकाबला चुंग ह्योन से हुआ। नागल ने पहले सेट में दबदबा बनाते हुए इसे 6-2 से जीत लिया। इसके बाद चुंग ह्योन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए अगला सेट 6-4 से जीता और निर्णायक सेट में कड़े मुकाबले के बाद नागल को 7-5 से हराकर भारत को 0-2 से पीछे कर दिया।

यह भी पढ़ें

डेविस कप के पहले मैच में डीके सुरेश को मिली हार, कोरियाई खिलाड़ी ने 2-1 के अंतर से जीता मुकाबला

डेविस कप के दूसरे मैच में सुमित नागल को मिली हार, कोरियाई खिलाड़ी ने 2-6, 6-4, 7-5 से मुकाबला किया अपने नाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल