भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया क्लीन स्वीप करने में कामयाब नहीं हो सकी, जिसमें उसको आखिरी मुकाबले में 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। विंडीज टीम की इस जीत में उनके कप्तान शे होप की बल्ले से अहम भूमिका देखने को मिली जो इस मैच में 162 रनों की बेहतरीन नाबाद पारी खेलने में कामयाब रहे। शे होप अपनी इस पारी के दम पर एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल करने में कामयाब रहे जिसमें अब वह वनडे फॉर्मेट में भारतीय टीम के खिलाफ रन चेज करते हुए सबसे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। शे होप ने इस मामले में 17 साल पुराने श्रीलंकाई टीम के पूर्व खिलाड़ी तिलकरत्ने दिलशान के रिकॉर्ड को तोड़ने का काम किया।
शे होप ने दिलशान के 17 साल पुराने रिकॉर्ड को किया ध्वस्त
वेस्टइंडीज की टीम को न्यू चंडीगढ़ के स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में 352 रनों का टारगेट मिला था, जिसमें शे होप इस मुकाबले में जॉन कैम्पबेल के साथ पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरे थे। कैम्पबेल के 10 रन बनाकर पवेलियन लौटने के बाद होप को आमिर जांगू का साथ मिला जिसमें दोनों के बीच में दूसरे विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी हुई। जांगू के पवेलियन लौटने के बाद होप ने एक छोर से रनों की गति को धीमा नहीं पड़ने दिया और टीम को जीत की तरफ लेकर गए। विंडीज टीम ने 48.2 ओवर्स में इस टारगेट को हासिल कर लिया जिसके साथ ही शे होप भारत के खिलाफ वनडे में रन चेज करते हुए सर्वाधिक रनों की पारी खेलने के रिकॉर्ड को भी अपने नाम करने में कामयाब हो गए। वहीं इससे पहले यह रिकॉर्ड तिलकरत्ने दिलशान के नाम पर था जिन्होंने साल 2009 में टीम इंडिया के खिलाफ राजकोट वनडे मैच में रन चेज के दौरान 160 रनों की पारी खेली थी।
वनडे में रन चेज में भारतीय टीम के खिलाफ सबसे बड़ी पारी
शे होप (वेस्टइंडीज) - 162 रन नाबाद (न्यू चंडीगढ़, साल 2026)
तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका) - 160 रन (राजकोट, साल 2009)
एंड्रयू स्ट्रॉस (इंग्लैंड) - 158 रन (बेंगलुरु, साल 2011)
सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) - 151 रन नाबाद (साल 1997)
रिजवान के रिकॉर्ड को भी होप ने तोड़ा
होप ने पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी और पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान के नाम भी दर्ज एक रिकॉर्ड को तोड़ने का काम किया, जिसमें अब शे होप वनडे फॉर्मेट में बतौर कप्तान और विकेटकीपर रन चेज में सबसे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले रिजवान ने 122 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं इस मैच में दोनों टीमों के विकेटकीपर बल्लेबाज शतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे जिसमें वनडे फॉर्मेट में यह 8वां मौका है जब एक मैच में दोनों टीमों के विकेटकीपर ने सेंचुरी लगाई है।
ये भी पढ़ें