Shardul Thakur: शार्दुल ठाकुर गेंद और बल्ले दोनों से कमाल करने में माहिर हैं लेकिन लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। जुलाई 2025 में शार्दुल ने भले ही टीम इंडिया के लिए टेस्ट मैच खेला लेकिन लिमिटेड ओवर्स में वह लंबे समय से टीम इंडिया से दूर हैं। उन्होंने अपना आखिरी ODI मैच अक्टूबर 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ पुणे में खेला था, जो वर्ल्ड कप मैच था। तब से ही वह टीम इंडिया में वापसी की राह देख रहे हैं। फिलहाल शार्दुल रणजी ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं।
शार्दुल की फ्यूचर प्लानिंग
रणजी ट्रॉफी के बीच शार्दुल ने अपने फ्यूचर प्लान को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि वह जल्द से जल्द लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेलना चाहते हैं। उन्होंने पीटीआई से बातचीत में कहा कि उनके लिए लगातार मैच खेलते रहना अहम है। वह लगातार अच्छा भी करना चाहते हैं। सिलेक्शन को लेकर उन्होंने कहा कि टीम में जगह पाने के लिए उन्हें लगातार अच्छा और मैच विनिंग परफॉर्मेंस देनी होगी। यही चीज आखिरी में उन्हें टीम इंडिया में जगह दिला पाएगी।
शार्दुल की निगाहें नंबर-8 पर
शार्दुल ने अपने भविष्य की प्लानिंग को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2 साल बाद ODI वर्ल्ड कप खेला जाना है, जो साउथ अफ्रीका में आयोजित होगा। इसलिए 8वें नंबर पर एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के लिए जगह खाली हो सकती है। उनकी निगाह उस पॉजिशन पर बनी हुई है। ठाकुर ने कहा कि वह भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए अपनी कोशिश जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जब भी टीम में उनकी जरूरत होगी वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए तैयार रहेंगे। उनकी तैयारी पूरी है। अगर कल उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का मौका मिलेगा, तो वह उसके लिए भी तैयार हैं।
टीम में वापसी का इंतजार
गौरतलब है कि शार्दुल ठाकुर ने भारतीय टीम की ओर से 13 टेस्ट मैच और 47 ODI मैच खेले हैं। टेस्ट में उनके नाम 33 विकेट और 377 रन दर्ज हैं जबकि ODI क्रिकेट में 65 विकेट और 329 रन बनाए हैं। शार्दुल 25 T20I मैचों में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने अपना आखिरी T20I मैच साल 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेला था।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को मिली सर की उपाधि, 6 साल बाद किसी क्रिकेटर को मिला यह सम्मान
VIDEO: बाबर आजम हुए डक पर आउट, 30 यार्ड भी नहीं पार करा सके गेंद, इस तरह गंवा दिया अपना विकेट