सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस वक्त काफी तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो टीम इंडिया के धाकड़ खिलाड़ी श्रेयस अय्यर से जुड़ा हुआ है। वायरल वीडियो में श्रेयस अय्यर अपने घर की गैलरी में मां के साथ क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनकी मां उन्हें गेंदबाजी कर रही थी, जहां वह एक गेंद पर बोल्ड हो गए। अय्यर को आउट करने के बाद जिस तरह से उनकी मां ने जश्न मनाया वो फैंस को काफी पसंद आ रहा है। ये वीडियो पंजाब किंग्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि केवल इस बार सरपंच (नेता) को बोल्ड होने पर बुरा नहीं लगा होगा।
वीडियो को देखने के बाद फैंस ने किए ऐसे कमेंट्स
एक फैन ने इस वीडियो को देखने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू के अंदाज में एक मजेदार कमेंट किया है। भरत जागोर नाम के इस यूजर ने लिखा कि गुरु, बॉल ने पड़ के जो कांटा बदला है उसका कोई जवाब नहीं...खटैक।
बनी नाम के यूजर ने लिखा कि शायद मां को भी उनकी कमजोरी पता है।
नारायण लाल नाम के फैन ने लिखा कि मां का सेलिब्रेशन तो देखिए, इसके साथ ही उन्होंने दिल वाली इमोजी भी शेयर की है।
धुरवील दावे नाम के यूजर ने लिखा कि मां के सामने डिफेन्स नहीं चलता।
वहीं विनीत राज नाम के एक यूजर ने लिखा कि मां का निशाना कभी नहीं चूकता...बॉल हो या चप्पल, हमेशा लक्ष्य पर सटीक निशाना लगता है।
आईपीएल 2025 में खेलते हुए नजर आए थे श्रेयस अय्यर
भारतीय टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। इस समय वह घर पर अपने परिवार वालों के साथ वक्त बिता रहे हैं। अय्यर इससे पहले आईपीएल 2025 में खेलते हुए नजर आए थे, जहां उन्होंने पंजाब किंग्स की कप्तानी की थी। उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल 2025 के फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी, लेकिन खिताबी जंग में उन्हें RCB से हार का सामना करना पड़ा था। आईपीएल 2025 में श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन की बात करें तो वहां उन्होंने 17 मैचों में 50.33 के औसत से 604 रन बनाए। इस सीजन में उन्होंने 175.07 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 97 रन रहा। आईपीएल 2025 में अय्यर ने कुल 6 अर्धशतक लगाए।