1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्वालीफायर-2 में शतक जड़ चुके 4 बल्लेबाज, पंजाब के खिलाड़ी ने 11 साल पहले किया कमाल

क्वालीफायर-2 में शतक जड़ चुके 4 बल्लेबाज, पंजाब के खिलाड़ी ने 11 साल पहले किया कमाल

 Published : May 31, 2025 08:06 pm IST,  Updated : May 31, 2025 08:12 pm IST

मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच क्वालीफायर-2 मैच एक जून को खेला जाएगा। इस मैच में जीत फाइनल में पहुंचने की गारंटी होगी।

वीरेंद्र सहवाग- India TV Hindi
वीरेंद्र सहवाग Image Source : TWITTER

आईपीएल 2025 का क्वालीफायर-2 मुकाबला पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच अहमदाबाद के मैदान पर खेला जाएगा, दोनों टीमों में से जो भी टीम ये मैच जीतेगी। वह सीधे फाइनल में एंट्री कर लेगी। अभी तक आईपीएल के क्वालीफायर-2 में चार बल्लेबाज शतक लगा चुके हैं। इनमें मुरली विजय, वीरेंद्र सहवाग, जोस बटलर और शुभमन गिल के नाम शामिल हैं। सहवाग ने पंजाब किंग्स (किंग्स XI पंजाब) की तरफ से क्वालीफायर-2 में शतक जड़ा था।

मुरली विजय

IPL 2012 का क्वालीफायर-2 मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुआ था। इस मैच में चेन्नई ने 86 रनों से जीत हासिल की थी। CSK के लिए मुरली विजय सबसे बड़े हीरो साबित हुए थे और उन्होंने 58 गेंदों में कुल 113 रन बनाए थे, जिसमें 15 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उनके अलावा ड्वेन ब्रावो ने 33 रन और सुरेश रैना ने 27 रनों का योगदान दिया था। इन प्लेयर्स की वजह से ही चेन्नई की टीम 226 रनों का हिमालय जितना बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

वीरेंद्र सहवाग

IPL 2014 का क्वालीफायर-2 मुकाबला पंजाब किंग्स (किंग्स XI पंजाब) और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया था, जिसमें पंजाब ने जीत दर्ज की थी। इस मैच में पंजाब के लिए वीरेंद्र सहवाग ने दमदार बैटिंग करते हुए 58 गेंदों में 122 रन बनाए थे, जिसमें 12 चौके और 8 छक्के शामिल रहे थे। उनकी वजह से ही टीम मैच जीतने में कामयाब रही थी। वह आईपीएल क्वालीफायर-2 में शतक जड़ने वाले पंजाब के इकलौते बल्लेबाज हैं।

जोस बटलर

IPL 2022 का क्वालीफायर-2 मुकाबला आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया था, जिसमें राजस्थान ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। मैच में राजस्थान के लिए जोस बटलर ने 60 गेंदों में 106 रन बनाए, जिसमें उनके बल्ले से 10 चौके और 6 छक्के निकले। उनके शतक की बदौलत ही राजस्थान की टीम मैच जीत पाई।

शुभमन गिल

आईपीएल 2023 का क्वालीफायर-2 मैच गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया था, जिसमें गुजरात ने 62 रनों से जीत दर्ज की थी। मैच में शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और मुंबई के बॉलर्स की जमकर धज्जियां उड़ाई थीं। उन्होंने 60 गेंदों में 129 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 10 छक्के शामिल रहे थे। शानदार प्रदर्शन के लिए गिल को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला था।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल