Asia Cup 2025: एशिया कप के लिए अब तैयारी शुरू हो चुकी है। अगले महीने की 9 तारीख को इसका पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस दौरान सभी नजरें भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले पर भी रहने वाली हैं। टीम इंडिया का ऐलान इस टूर्नामेंट के लिए 19 या फिर 20 अगस्त को किया जा सकता है। इस बीच खबरें आ रही हैं कि टी20 टीम इंडिया में एक ऐसे खिलाड़ी की एंट्री होने जा रही है, जिसने पिछले करीब साल भर से कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला।
शुभमन गिल की हो सकती है टी20 टीम इंडिया में वापसी
शुभमन गिल भले ही भारत की टेस्ट टीम के कप्तान बन गए हों और पहली सीरीज में कमाल का खेल भी दिखाया हो, लेकिन आपको जानकर शायद ताज्जुब होगा कि पिछले एक साल से उन्होंने भारत के लिए कोई भी टी20 इंटरनेशनल मैच खेला ही नहीं है। साल 2024 की जुलाई में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। हालांकि इस बीच वे लगातार आईपीएल खेलते रहे। अब खबर है कि गिल की टी20 टीम इंडिया में वापसी हो सकती है और वे एशिया कप में खेलते हुए नजर आएंगे।
टी20 इंटरनेशनल में ऐसा है गिल का प्रदर्शन
गिल पिछले करीब एक साल से भारत की टी20 टीम से तब बाहर हैं, जब वे इस फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए एक शतक भी लग चुके हैं। उनके टी20 इंटरनेशनल करियर की बात की जाए तो अब तक गिल ने भारत के लिए 21 टी20 मैच खेलकर 578 रन बनाए हैं। उन्होंने 30.42 के औसत और 139.27 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। गिल ने अब तक एक शतक और तीन अर्धशतक इस फॉर्मेट में लगाए हैं। हालांकि उनका फोकस टेस्ट और वनडे पर ज्यादा रहा है।
टेस्ट और वनडे में ऐसा है शुभमन का प्रदर्शन
टेस्ट और वनडे दोनों में गिल का औसत टी20 इंटरनेशनल से ज्यादा है। अब तक 37 टेस्ट खेलकर 2647 रन बनाने वाले गिल का औसत यहां 41.35 का रहा है, वहीं वनडे में 55 मैच खेलकर उन्होंने 2775 रन अपने नाम किए हैं। वनडे में गिलज का औसत 59.04 का है। अब जब गिल दोबारा से भारतीय टीम के लिए टी20 मैच खेलने उतरेंगे, तब उनका प्रदर्शन कैसा रहता है, इस पर जरूर नजर रहेगी। हालांकि अभी टीम का ऐलान होना बाकी है, काफी कुछ उस पर भी निर्भर करेगा।