SL vs ENG T20 WC Super-8 Match: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का दूसरा मैच 22 फरवरी को मेजबान श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच में पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को इंग्लैंड की टीम 51 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही है। श्रीलंकाई टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद उनकी तरफ से पल्लेकेले की स्पिन के लिए मददगार पिच पर काफी बेहतर गेंदबाजी प्रदर्शन देखने को मिला। इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 146 रनों का स्कोर बना सकी, जिसमें उनकी तरफ से फिल साल्ट ने जहां 62 रनों की पारी खेली तो वहीं इसके अलावा विल जैक्स ने 21 और हैरी ब्रूक ने 14 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में दुनिथ वेल्लालेगे ने जहां तीन विकेट हासिल किए तो वहीं दिलशान मदुशंका और महेश तीक्ष्णा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा दुष्मांता चमीरा भी एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
इस मैच में 147 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत काफी खराब देखने को मिली, जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट 15 के स्कोर पर गंवा दिया। इसके बाद लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला और श्रीलंकाई टीम ने 34 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था। श्रीलंका की तरफ से उनके कप्तान दसुन शनाका ने पारी को संभालने का प्रयास तो किया लेकिन रन गति के बढ़ते दबाव की वजह से वह भी 30 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। श्रीलंका की टीम इस मुकाबले में 16.4 ओवर्स में 95 के स्कोर पर सिमट गई। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में विल जैक्स का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने तीन विकेट हासिल किए, इसके अलावा जोफ्रा आर्चर, लियम डॉसन और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
श्रीलंका और इंग्लैंड की प्लेइंग 11
श्रीलंका (प्लेइंग XI): पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, कामिंडू मेंडिस, दसुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेल्लालेज, दुशान हेमंथा, दुष्मंथा चमीरा, महेश थीक्षाना, दिलशान मदुशंका।
इंग्लैंड (प्लेइंग XI): फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।