Smriti Mandhana: इंग्लैंड दौरे पर भारतीय महिला टीम के लिए स्मृति मंधाना ने कमाल का प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन शतक लगाया। उनकी वजह से ही भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड महिला टीम सिर्फ 113 रनों पर सिमट गई। इस तरह से भारत ने 97 रनों से जीत दर्ज कर ली। मंधाना ने अच्छी बल्लेबाजी से मैच में कई रिकॉर्ड्स बनाए।
स्मृति मंधाना ने मैच में 62 गेंदों में 115 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनका महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ये पहला शतक था। तूफानी पारी खेलते ही वह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ा है। हरमनप्रीत ने साल 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ महिला T20I क्रिकेट में 103 रनों की पारी खेली थी। अब मंधाना ने भारत के लिए महिला T20I में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में पहला स्थान हासिल कर लिया और सभी भारतीय प्लेयर्स को पीछे कर दिया।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में स्मृति मंधाना ने 15 चौके और तीन छक्के जड़े। इसी के साथ वह T20I क्रिकेट के एक मैच में बाउंड्री से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय महिला प्लेयर बन गई हैं। उन्होंने मैच में बाउंड्री से कुल 78 रन बनाए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ मैच में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने बड़े स्कोर की नींव रख दी थी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की। शेफाली 20 रन बनाकर आउट हो गईं। तीसरे नंबर पर उतरीं, हरलीन देओल ने 23 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 7 चौके शामिल रहे। इन प्लेयर्स की वजह से ही भारतीय टीम 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। इसके बाद इंग्लैंड की तरफ से सिर्फ कप्तान नेट सेवियर ब्रंट ने 66 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुईं। इसी वजह से टीम 113 रन बना सकी।
यह भी पढ़ें:
संपादक की पसंद