टेस्ट क्रिकेट में 28 जून का दिन साउथ अफ्रीका टीम के 19 साल के खिलाड़ी लुआन-ड्रे प्रीटोरियस के नाम से पहचाना जाएगा। अपने डेब्यू टेस्ट मैच में ही लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने 153 रनों की पारी खेलने के साथ कई रिकॉर्ड एक साथ तोड़ दिए। लुआन ने ये कारनामा जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलवायो टेस्ट मैच में किया, जिसमें वह अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक पारी में सबसे कम उम्र में 150 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
लुआन ने तोड़ दिया 49 साल पुराना रिकॉर्ड
19 साल 93 दिन की उम्र में अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने 153 रनों की पारी खेलने के साथ 49 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने का काम किया है। टेस्ट क्रिकेट में इस मुकाबले से पहले सबसे कम उम्र में 150 प्लस रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड पाकिस्तानी टीम के पूर्व खिलाड़ी जावेद मियादाद के नाम था, जिन्होंने साल 1976 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच मुकाबले में ये कारनामा किया था। वहीं अब लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने इस रिकॉर्ड को तोड़ने के साथ उसे अपने नाम कर लिया है।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम उम्र में 150 प्लस रनों की पारी खेलने वाले खिलाड़ी
- लुआन-ड्रे प्रीटोरियस - 19 साल 93 दिन (साल 2025)
- जावेद मियादाद - 19 साल 119 दिन (साल 1976)
- नील हार्वे - 19 साल 121 दिन (साल 1948)
- आर्ची जैक्सन - 19 साल 140 दिन (साल 1929)
- सचिन तेंदुलकर - 19 साल 217 दिन (साल 1993)
गुंडप्पा विश्वनाथ और पृथ्वी शॉ के क्लब का भी हिस्सा बने लुआन-ड्रे प्रीटोरियस
लुआन-ड्रे प्रीटोरियस वर्ल्ड क्रिकेट के इतिहास में अभी तक के सिर्फ चौथे ऐसे खिलाड़ी भी बन गए हैं, जिन्होंने अपने फर्स्ट क्लास डेब्यू मैच और टेस्ट डेब्यू दोनों में शतकीय पारी खेली है। लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने पिछले साल दिसंबर महीने में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 120 रनों की पारी खेली थी। वहीं वर्ल्ड क्रिकेट में इससे पहले सिर्फ गुंडप्पा विश्वनाथ, डर्क वॉलहेम और पृथ्वी शॉ ये कारनामा करने में कामयाब हो सके थे।
ये भी पढ़ें
कप्तान शुभमन गिल को आलोचना के बीच मिला इस दिग्गज का साथ, कहा - स्टोक्स के साथ भी ऐसा हुआ था