1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मंधाना के तूफान में उड़ा हांगकांग, भारत ने दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत, नॉकआउट में सबसे पहले मारी एंट्री

मंधाना के तूफान में उड़ा हांगकांग, भारत ने दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत, नॉकआउट में सबसे पहले मारी एंट्री

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 03, 2026 11:44 pm IST,  Updated : Sep 03, 2026 11:48 pm IST

स्मृति मंधाना के रिकॉर्डतोड़ शतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला टीम ने एशिया कप 2026 में हांगकांग को 137 रनों से हरा दिया। स्मृति ने 64 गेंदों में 124 रन बनाए और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।

Smriti Mandhana - India TV Hindi
स्मृति मंधाना Image Source : AFP

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए हांगकांग को 137 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत से टीम इंडिया ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। ऐसा करने वाली वह पहली टीम बन गई है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए ग्रुप ए मुकाबले में स्मृति मंधाना के रिकॉर्डतोड़ शतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने एकतरफा जीत हासिल की। टीम इंडिया की महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। भारत की सबसे बड़ी जीत 2018 में मलेशिया के खिलाफ 142 रनों से आई थी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 193/5 का मजबूत स्कोर बनाया। इसके जवाब में हांगकांग की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम सिर्फ 12 ओवर में 56 रन पर सिमट गई। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। वहीं, श्री चरणी, नंदिनी शर्मा और प्रतीका रावल ने दो-दो विकेट लेकर हांगकांग की पारी को जल्द समेटने में अहम भूमिका निभाई।

T20I क्रिकेट में भारतीय महिला टीम की सबसे बड़ी जीत

  • 142 रन बनाम मलेशिया, कुआलालंपुर (2018)
  • 137 रन बनाम हांगकांग, दुबई (2026)
  • 104 रन बनाम UAE, सिलहट (2022)
  • 100 रन बनाम बारबाडोस, बर्मिंघम (2022)

इस मुकाबले की सबसे बड़ी स्टार स्मृति मंधाना रहीं। भारतीय ओपनर ने 64 गेंदों पर 124 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 14 चौके और सात छक्के शामिल रहे। स्मृति ने शेफाली वर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। शेफाली ने 17 गेंदों में 28 रन बनाए।

स्मृति की यह पारी रिकॉर्डों से भरी रही। उन्होंने अपना 18वां इंटरनेशनल शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज मेग लैनिंग को पीछे छोड़ दिया और महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं। यह स्मृति के T20I इंटरनेशनल करियर का दूसरा शतक था।

इतना ही नहीं, स्मृति ने अपनी पारी के दौरान मिताली राज के 10868 इंटरनेशनल रनों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही वह महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। हालांकि, स्मृति के अलावा भारतीय मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों को रन गति बढ़ाने में संघर्ष करना पड़ा। प्रतीका रावल ने 12 गेंदों पर 10 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर 9 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि ऋचा घोष ने 13 गेंदों पर 11 रन बनाए।एशिया कप 2026 में लगातार 2 जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया 5 सितंबर को पाकिस्तान का सामना करेगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें:

स्मृति मंधाना ने बल्ले से बरपाया कहर, 2 वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त करने के साथ एशिया कप में रचा नया इतिहास

IPL 2027 से पहले एमएस धोनी को लेकर आया बड़ा अपडेट, इम्पैक्ट प्लेयर नहीं बनेंगे

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल