SA vs ENG: साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम का दमदार प्रदर्शन जारी है। ऑस्ट्रेलिया में ODI सीरीज जीतने के बाद अब उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर भी ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली है। 4 सितंबर को खेले गए दूसरे ODI में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को 5 रन से हराकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया। इस मैच में दोनों ही टीमों ने 300 से ज्यादा का स्करो खड़ा किया लेकिन जीत साउथ अफ्रीका के हिस्से में आई। ये 5 रन की जीत साल 2000 में केपटाउन में 1 रन की जीत के बाद साउथ अफ्रीका की इंग्लैंड के खिलाफ ODI मैचों में दूसरी सबसे करीबी जीत है।
साउथ अफ्रीका की इस जीत के हीरो रहे मैथ्यू ब्रीट्जके, जिन्होंने 77 गेंदों पर 85 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि ब्रीट्जके ने ODI डेब्यू के बाद लगातार पांचवीं फिफ्टी प्लस पारी खेली और इतिहास रच दिया। वह ODI क्रिकेट में करियर के शुरुआती 5 मैचों में 50+ स्कोर बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। इस तरह उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। इससे पहले दोनों 4-4 फिफ्टी प्लस स्कोर के साथ बराबरी पर थे। सिद्धू ने साल 1987 में डेब्यू के बाद लगातार 4 मैचों में 50+ स्कोर बनाया था।
साउथ अफ्रीका की मजबूत बल्लेबाजी
ब्रीट्जके के अलावा ट्रिस्टन स्टब्स (58 रन) और एडन मारक्रम (49 रन) ने भी अहम योगदान दिया। निर्धारित 50 ओवर में साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट पर 330 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम पूरी कोशिश के बावजूद 9 विकेट पर 325 रन ही बना सकी और 5 रन से मैच गंवा बैठी।
1998 के बाद पहली ODI सीरीज जीत
यह जीत साउथ अफ्रीका के लिए ऐतिहासिक रही क्योंकि उन्होंने 27 साल बाद इंग्लैंड की धरती पर कोई ODI सीरीज अपने नाम की है। पिछली बार मई 1998 में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया था। अब इंग्लैंड की टीम के पास केवल अंतिम मुकाबले को जीतकर सीरीज में सम्मान बचाने का आखिरी मौका होगा। तीसरा और आखिरी ODI 7 सितंबर को साउथैम्पटन में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 10 सितंबर से T20I सीरीज में आमने-सामने होंगी। इस सीरीज में कुल 3 मुकाबले खेले जाएंगे। इस सीरीज के साथ ही साउथ अफ्रीका दौरे का समापन हो जाएगा।