आईपीएल 2026 के लिए अबू धाबी में हुए ऑक्शन में कुछ विदेशी खिलाड़ियों पर खूब बोली लगी। कैमरून ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए। वहीं श्रीलंका के मथिसा पथिराना और इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन पर भी खूब पैसों की बारिश हुई। लिविंगस्टोन की बात करें तो उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने ऑक्शन में 13 करोड़ में खरीदा है। IPL 2026 में वह SRH के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
अबू धाबी के लिए खेल रहे हैं लियाम लिविंगस्टोन
लियाम लिविंगस्टोन इस वक्त ILT20 लीग में खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में वह अबू धाबी नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा हैं। IPL ऑक्शन से पहले पहले लियाम लिविंगस्टोन का बल्ला नहीं चल रहा था। लेकिन ऑक्शन वाले दिन उन्होंने अबू धाबी नाइट राइडर्स के लिए तूफानी पारी खेली। डेजर्ट वाइपर्स के खिलाफ मैच में उन्होंने 48 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 76 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 158.33 का रहा। SRH के लिए खेलने से पहले वह अभी अबू धाबी नाइट राइडर्स के लिए बल्ले से धमाल मचा रहे हैं।
लियाम लिविंगस्टोन को मिली एक रन से जीत
लिविंगस्टोन की इसी तूफानी पारी के बदौलत अबू धाबी की टीम इस मैच में 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 181 रन बनाने में कामयाब रही। जवाब में डेजर्ट वाइपर्स की टीम ने 20 ओवर में 180 रन बनाए और अंत में उन्हें 1 रन से हार का सामना करना पड़ा। लिविंगस्टोन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।
IPL 2025 में RCB का हिस्सा थे लियाम लिविंगस्टोन
पिछले आईपीएल सीजन में लिविंगस्टोन डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का हिस्सा थे। लेकिन इस सीजन में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उस सीजन में उन्होंने आठ पारियों में 133.33 के स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल था। वहीं उन्होंने नौ ओवर गेंदबाजी भी की और 8.44 की इकॉनमी रेट से दो विकेट लिए। अब इस सीजन उनका प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखना दिलचस्प होगा।
द हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स के कप्तान थे लिविंगस्टोन
पिछले आईपीएल सीजन के बाद लियाम लिविंगस्टोन के व्हाइट बॉल फॉर्म में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने द हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स की कप्तानी की और वहां वह टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने 155.48 के स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए, साथ ही 7.36 की इकॉनमी से सात विकेट भी लिए। टी20 ब्लास्ट में उन्होंने 176.87 के स्ट्राइक रेट से 260 रन बनाए और छह विकेट लिए।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी, इन खिलाड़ियों पर बरसा छप्पर फाड़ पैसा